CG News: मिशन अमृत 2.0 से तीन शहरों को मिलेंगे नए हरे-भरे पार्क, 8,732 पौधों के साथ मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
CG News: छत्तीसगढ़ के अहिवारा, मुंगेली और कांकेर शहरों में मिशन अमृत 2.0 के तहत आधुनिक उद्यान विकसित किए जाएंगे. इन परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार ने कुल 7 करोड़ 29 लाख 24 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी है. सरकार का उद्देश्य शहरों में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ नागरिकों के लिए ऐसे सार्वजनिक स्थान तैयार करना है, जहां लोग घूमने, बैठने, व्यायाम करने और परिवार के साथ समय बिताने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकें.
![]()
8,732 पौधों के साथ मिलेंगी कई सुविधाएं
प्रस्तावित तीनों उद्यानों में कुल 8,732 पौधे लगाए जाएंगे. पार्कों में बच्चों के लिए प्ले-एरिया और खेल उपकरण, युवाओं एवं अन्य नागरिकों के लिए ओपन जिम, पैदल चलने के लिए पाथवे और बैठने के स्थान विकसित किए जाएंगे. इसके अलावा सोलर लाइट, टॉयलेट ब्लॉक, गज़ेबो और वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाएं भी होंगी. निर्माण कार्य को एक साल के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
अहिवारा में 2.07 करोड़, 2,115 पौधे लगाए जाएंगे
अहिवारा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 01 में शीतला मंदिर क्षेत्र की 0.52 एकड़ जमीन पर पार्क तैयार किया जाएगा. इस परियोजना के लिए 2 करोड़ 7 लाख 48 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं. यहां करीब 2,115 पौधे लगाए जाएंगे. पार्क में बच्चों के खेल क्षेत्र के साथ ओपन जिम, पाथवे, बैठने की जगह, सोलर लाइट, टॉयलेट ब्लॉक, गज़ेबो और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की सुविधा विकसित की जाएगी.
मुंगेली में सबसे बड़ा हरित परिसर
मुंगेली के पेंड्राकांपा स्थित महाराणा प्रताप वार्ड में 3.08 एकड़ क्षेत्र में उद्यान बनाया जाएगा. इसके लिए 3 करोड़ 52 लाख 32 हजार रुपए की स्वीकृति मिली है. तीनों परियोजनाओं में क्षेत्रफल के हिसाब से यह सबसे बड़ा पार्क होगा. यहां लगभग 4,453 पौधे लगाए जाएंगे. बच्चों के लिए प्ले-एरिया, ओपन जिम, पाथवे, बैठने की व्यवस्था, टॉयलेट ब्लॉक, गज़ेबो, प्रकाश व्यवस्था और रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी तैयार किया जाएगा.
पांच साल तक होगा रख-रखाव
कांकेर नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 09 स्थित श्रीराम नगर में 0.72 एकड़ जमीन पर आधुनिक उद्यान विकसित होगा. इसके लिए 1 करोड़ 69 लाख 44 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं और यहां करीब 2,164 पौधे लगाए जाएंगे. पार्क में बच्चों के खेल उपकरण, ओपन जिम, पाथवे, बैठने की जगह, सोलर लाइट, टॉयलेट ब्लॉक, गज़ेबो और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की सुविधा होगी. निर्माण पूरा होने के बाद पांच साल तक चयनित एजेंसी उद्यान का संचालन और संधारण करेगी, ताकि सुविधाओं और हरियाली का नियमित रख-रखाव बना रहे.


One Response