CG News: प्रधानमंत्री आवास योजना से साकार हुआ सेवती बाई का पक्के घर का सपना, परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना
CG News: छत्तीसगढ़ के नगरी विकासखंड की ग्राम पंचायत कुकरेल में रहने वाली सेवती बाई के परिवार के लिए पक्का मकान लंबे समय से एक सपना था. सेवती बाई अपने पति रघुवर के साथ मेहनत-मजदूरी और खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करती थीं. सीमित आमदनी के कारण परिवार के लिए खुद का पक्का घर बनाना आसान नहीं था.

बारिश में टपकती छत और कमजोर दीवारों की परेशानी
परिवार जिस मकान में रहता था, वह मिट्टी की दीवारों और खपरैल की छत से बना हुआ था. बारिश के मौसम में छत से पानी टपकता था और दीवारों के कमजोर होने के कारण उनके गिरने का डर बना रहता था. थोड़ी सी बारिश होते ही घर के अंदर पानी आने लगता था. ऐसे में परिवार को रातभर जागकर घर के सामान और सदस्यों की सुरक्षा की चिंता करनी पड़ती थी, सेवती बाई के मुताबिक, कच्चे मकान की परेशानी हर साल उनके सामने खड़ी हो जाती थी. घर को सुरक्षित रखने के लिए बार-बार मरम्मत करानी पड़ती थी, जिसमें मेहनत से कमाई गई रकम खर्च हो जाती थी. आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि परिवार अपने दम पर पक्का मकान बनवा सके. इसलिए सुरक्षित घर का सपना लंबे समय तक पूरा नहीं हो पाया.
प्रधानमंत्री आवास योजना से मिली नई उम्मीद
इसी दौरान ग्राम पंचायत के माध्यम से सेवती बाई को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की जानकारी मिली. उन्होंने योजना के तहत आवेदन किया और पात्रता के आधार पर उन्हें इसका लाभ मिला. शासन की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता की किश्तों ने मकान निर्माण का रास्ता आसान किया. इसके बाद सेवती बाई और उनके पति रघुवर ने मिलकर अपने नए घर का निर्माण पूरा कराया, आज सेवती बाई का परिवार कच्चे मकान की जगह पक्के और मजबूत घर में रह रहा है. अब उन्हें बारिश में छत टपकने या दीवारें गिरने का डर नहीं सताता. परिवार को धूप, बारिश और ठंड से सुरक्षा मिली है. इसके साथ ही बच्चों की पढ़ाई के लिए भी पहले की तुलना में बेहतर वातावरण उपलब्ध हुआ है.
परिवार को मिला सुरक्षा और सम्मान का आधार
सेवती बाई के लिए नया घर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि वर्षों के संघर्ष के बाद मिला सुकून और सुरक्षा का प्रतीक है. अब उनका परिवार बिना किसी डर के चैन की नींद सो पाता है. पक्का आवास मिलने पर सेवती बाई ने केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार जताया. उनकी कहानी बताती है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.

One Response