CG News: स्वामी आत्मानंद स्कूलों में 1812 पदों पर भर्ती परीक्षा शुरू, पहले दिन 83.25% अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
CG News: छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1812 रिक्त संविदा पदों पर भर्ती के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT के पहले दिन अभ्यर्थियों में उत्साह देखने को मिला. स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से यह परीक्षा 31 अक्टूबर से 4 नवंबर 2026 तक आयोजित की जा रही है. परीक्षा के पहले दिन प्रदेश के विभिन्न केंद्रों में कुल 83.25 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई.
पहले दिन 10 विषयों की हुई परीक्षा
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहले दिन कुल 10 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई. इसमें 7,025 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,177 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. विभाग के अनुसार, पहले दिन परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की अच्छी उपस्थिति दर्ज की गई, विषयवार आंकड़ों के अनुसार, शिक्षक गणित की परीक्षा में सबसे अधिक 90.25 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे. वहीं, व्याख्याता सामाजिक विज्ञान में 84.87 प्रतिशत, भौतिकी में 84.83 प्रतिशत और जीव विज्ञान में 83.27 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई. व्याख्याता संस्कृत में 81.77 प्रतिशत और इतिहास में 80.56 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी.
अर्थशास्त्र और भूगोल में सबसे कम उपस्थिति
अन्य विषयों की बात करें तो व्याख्याता रसायन में 77.07 प्रतिशत और व्यायाम शिक्षक की परीक्षा में 76.9 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे. वहीं, व्याख्याता भूगोल में 64.29 प्रतिशत और अर्थशास्त्र में सबसे कम 63.64 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई, इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 34,604 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. इनमें से 34,514 अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी किए गए हैं, जो कुल आवेदकों का 99.74 प्रतिशत है. आवेदकों में 20,779 महिलाएं यानी करीब 60 प्रतिशत और 13,825 पुरुष यानी करीब 40 प्रतिशत शामिल हैं. इसके अलावा कुल आवेदकों में 332 दिव्यांग अभ्यर्थी भी हैं.
पहली बार CBT प्रणाली से आयोजित हुई परीक्षा
छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से पहली बार भर्ती परीक्षा कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित की जा रही है. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों ने इस व्यवस्था को पारंपरिक ओएमआर और पेन-पेपर परीक्षा की तुलना में तेज, पारदर्शी और प्रभावी बताया. अभ्यर्थियों के अनुसार, कंप्यूटर आधारित परीक्षा से उत्तरों का मूल्यांकन अधिक सटीक तरीके से किया जा सकता है, परीक्षा में अभ्यर्थियों के उत्तर, उत्तर कुंजी, डिजिटल रिकॉर्ड और ऑडिट ट्रेल उपलब्ध रहने से पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी. कंप्यूटर के जरिए उत्तरों का स्वचालित मूल्यांकन होने से कम समय में परीक्षा परिणाम तैयार और घोषित किए जा सकेंगे. अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में राज्य की अन्य भर्ती परीक्षाएं भी कंप्यूटर आधारित प्रणाली से आयोजित की जाएंगी.

One Response