CG News: जयपुर के राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव में बाहनाकाड़ी के कलाकारों ने दी पंथी नृत्य की प्रस्तुति, 15 युवाओं ने दिखाया हुनर
CG News: छत्तीसगढ़ की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में आरंग क्षेत्र के ग्राम बाहनाकाड़ी के युवा जागृति पंथी नृत्य दल ने खास उपलब्धि हासिल की है. दल के कलाकारों ने राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव में पंथी नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी. जवाहर कला केंद्र के शिल्पग्राम (कलाग्राम) में 27 अक्टूबर से 6 नवंबर तक आयोजित 11 दिवसीय उत्सव में कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की परंपरा और गुरु घासीदास बाबा के संदेशों को दर्शकों तक पहुंचाया.
पिरामिड और संतुलन के प्रदर्शन ने खींचा ध्यान
पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों ने मांदर और झांझ की लय पर पंथी नृत्य प्रस्तुत किया. प्रस्तुति के दौरान कलाकारों ने आकर्षक पिरामिड बनाकर अपनी शारीरिक क्षमता और संतुलन का प्रदर्शन किया. एक साथ 15 कलाकारों के तालमेल और अनुशासन ने दर्शकों को प्रभावित किया. उनकी प्रस्तुति के दौरान शिल्पग्राम परिसर तालियों से गूंज उठा, कलाकारों ने पारंपरिक सफेद परिधान और पैरों में घुंघरू पहनकर पंथी नृत्य की पारंपरिक शैली को जीवंत किया. इस प्रस्तुति के माध्यम से गुरु घासीदास बाबा के विचारों और सतनाम परंपरा के संदेश को भी सामने रखा गया. राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को प्रस्तुत करने से कलाकारों को अपनी कला देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिला.
15 युवा कलाकारों ने किया शानदार प्रदर्शन
दल के मुख्य संचालक वेदप्रकाश माहेश्वरी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के मंच पर छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और सतनाम परंपरा का प्रतिनिधित्व करना पूरे दल के लिए गर्व की बात है. उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से प्रदेश की पारंपरिक कलाओं को देश के अलग-अलग हिस्सों में पहचान मिलती है, दल में वेदप्रकाश माहेश्वरी, गोकुल टोडर, रणवीर कुठे, संतोष कोसले, गणेश कोसले, संजय कोसले, चरणदास कोसले, लेखराम नारंग, सूरज मारकंडे, परमेश्वर भारती, किशन कुर्रे, दौलाल कुर्रे और देव कुमार कोसले सहित कुल 15 कलाकार शामिल रहे.
कलाकारों की उपलब्धि पर गांव में खुशी
जयपुर में मिली इस उपलब्धि से ग्राम बाहनाकाड़ी और आसपास के क्षेत्र में उत्साह का माहौल है. छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और समाज के लोगों ने कलाकारों को बधाई दी. सतनामी समाज के पद्मश्री सम्मानित डॉ. आरएस बारले और राष्ट्रीय पुरस्कार उस्ताद बिस्मिल्लाह खान सम्मान से सम्मानित दिनेश जांगड़े ने भी कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की, युवा जागृति पंथी नृत्य दल को आदर्श ग्राम पंचायत बाहनाकाड़ी के सरपंच अशोक बंजारे, सचिन धर्म बंजारे, युवा नेता राजेंद्र माहेश्वरी, प्रगति सिंह, छत्तीसगढ़ सतनामी समाज युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रदीप सारंगी, दिनेश बंजारे, अश्वनी बबलू और त्रिवेंद्र सहित कई लोगों ने शुभकामनाएं दीं.
