CG News: छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस पर CM साय ने दी बधाई, 41 पुरस्कारों से सम्मानित होंगे लोग और संस्थाएं
CG News: छत्तीसगढ़ के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय गौरव और विकास यात्रा का उल्लेख किया. मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की पावन धरा छत्तीसगढ़ ने अपनी 26 वर्षों की यात्रा में संघर्षों को संभावनाओं और संभावनाओं को उपलब्धियों में बदलते हुए देश के विकास मानचित्र पर विशिष्ट पहचान बनाई है.
![]()
अटल बिहारी वाजपेयी को किया याद
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को भी याद किया. उन्होंने लिखा कि इस गौरवपूर्ण अवसर पर वे अटल बिहारी वाजपेयी का पुण्य स्मरण करते हैं. उनके दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य का सपना साकार हुआ और प्रदेश की आशाओं एवं आकांक्षाओं को नई पहचान मिली.

स्थापना दिवस पर दिए जाएंगे 41 पुरस्कार
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस का आयोजन तीन दिनों तक किया जाएगा. इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा. इस बार कुल 41 पुरस्कार वितरित किए जाएंगे. इनमें संस्कृति विभाग के 14 और अन्य विभागों के 27 पुरस्कार शामिल हैं.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में होगा समारोह
राज्य अलंकरण समारोह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में आयोजित किया जाएगा. इन पुरस्कारों के जरिए कला एवं संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता, खेल, कृषि, समाजसेवा, महिला सशक्तिकरण, सहकारिता, श्रमिक कल्याण और सामाजिक जागरूकता समेत विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले लोगों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा. पिछली बार 34 श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए थे.
तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर नए सम्मान
इस वर्ष राज्य अलंकरण में दो नए सम्मान भी शामिल किए गए हैं. इनमें प्रसिद्ध पंडवानी गायिका स्वर्गीय तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर सम्मान दिए जाएंगे. दोनों पुरस्कार पहली बार प्रदान किए जाएंगे. इसके साथ ही इस वर्ष राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कुल 41 पुरस्कारों के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा.


One Response