CG News: मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर त्वरित अमल, ग्रामीणों को मिली विकास कार्यों की सौगात
CG News: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार अब केवल जनसंवाद का मंच नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास कार्यों के क्रियान्वयन का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। सरगुजा जिले के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा ग्रामीणों से किए गए वादों को जिला प्रशासन ने तेजी से अमल में लाते हुए पंचायत भवन, पीडीएस भवन और मुक्तिधाम निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को मंजूरी दे दी है। इससे ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
जन चौपाल में सुनी थी ग्रामीणों की मांग
बीते 3 मई 2026 को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार के तहत सरगुजा जिले के बतौली विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत सिलमा के शांतिपारा पहुंचे थे। जन चौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर क्षेत्र की मूलभूत आवश्यकताओं और विकास संबंधी मांगों को सुना था। इसी दौरान पंचायत भवन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) भवन और मुक्तिधाम निर्माण सहित कई घोषणाएं की गई थीं।
लेकिन जरूरत के हर काम को मिली मंजूरी
मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अनुरूप जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान कर दी। ग्राम सिलमा में डीएमएफ और मनरेगा के अभिसरण से 18.30 लाख रुपये की लागत से नवीन पंचायत भवन, 2.50 लाख रुपये से मुक्तिधाम तथा 11.63 लाख रुपये की लागत से नवीन पीडीएस भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है। वहीं ग्राम कुनकुरीकला में भी डीएमएफ एवं मनरेगा के सहयोग से 18.30 लाख रुपये की लागत वाले नए पंचायत भवन के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है।
सुशासन की पहल को सराहा
मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर त्वरित अमल होने से ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन सीधे गांव तक पहुंच रहा है और केवल समस्याएं सुनने तक सीमित नहीं है, बल्कि तय समय में उनका समाधान भी सुनिश्चित कर रहा है। प्रशासन का कहना है कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त सभी मांगों और शिकायतों के निराकरण के लिए इसी तरह लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़े: CG News: मैनपाट की पेयजल समस्या पर CM साय सख्त, खबर पढ़ते ही कलेक्टर को दिए तत्काल निर्देश
