CG News: जनगणना 2027 की तैयारी तेज, स्मार्टफोन एप से जुटेगा डेटा, नागरिकों को मिलेगी घर बैठे स्व-गणना की सुविधा
CG News: बदलते दौर के साथ अब देश की जनगणना भी डिजिटल तकनीक के माध्यम से कराई जाएगी. जनगणना 2027 में आंकड़ों का संग्रहण डिजिटल तरीके से होगा. इसके लिए प्रगणक स्मार्टफोन में विशेष मोबाइल एप्लिकेशन का इस्तेमाल कर परिवारों से जुड़ी जानकारियां दर्ज करेंगे. इस नई व्यवस्था का उद्देश्य जनगणना की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाना है.

स्मार्टफोन और वेब पोर्टल से खुद दर्ज कर सकेंगे जानकारी
जनगणना 2027 में आम नागरिकों को भी स्व-गणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन की सुविधा मिलेगी. इसके तहत लोग अपने स्मार्टफोन या वेब पोर्टल के माध्यम से घर बैठे ही अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे. इसके बाद पर्यवेक्षकों द्वारा दर्ज की गई जानकारियों का सत्यापन किया जाएगा, ताकि आंकड़ों की शुद्धता सुनिश्चित हो सके.

रायपुर कलेक्ट्रेट में अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण
डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया को सही तरीके से संचालित करने के लिए रायपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें जनगणना कार्य एवं नागरिक पंजीकरण के निदेशक कार्तिकेय गोयल शामिल हुए. उनके साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे.

ग्रामीण और शहरी अधिकारियों के लिए अलग-अलग प्रशिक्षण
चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अधिकारियों को अलग-अलग प्रशिक्षण दिया गया. पहले दो दिनों में ग्रामीण चार्ज अधिकारियों यानी रूरल चार्ज ऑफिसर को जनगणना की प्रक्रिया और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई. वहीं, अगले दो दिनों में शहरी चार्ज अधिकारियों यानी अर्बन चार्ज ऑफिसर को प्रशिक्षण दिया गया. इसका उद्देश्य जनगणना के काम को व्यवस्थित और त्रुटिरहित तरीके से पूरा कराना है.

जनगणना के आंकड़ों से तैयार होंगी विकास योजनाएं
जनगणना के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के दौरान प्रगणक प्रत्येक व्यक्ति से जुड़ी जनसांख्यिकीय, सामाजिक-सांस्कृतिक और आर्थिक जानकारियां एकत्र करेंगे. इसके अलावा प्रवासन और प्रजनन से जुड़े पहलुओं को भी आंकड़ों में शामिल किया जाएगा. इन जानकारियों का उपयोग केवल देश की जनसंख्या का आंकड़ा जुटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी भविष्य की विकास योजनाएं तैयार करने में भी किया जाएगा.

One Response