CG News: नितिन नवीन की नई टीम का जल्द ऐलान, महिलाओं को 33% आरक्षण से लेकर छत्तीसगढ़ के नेताओं पर नजर
CG News: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम को लेकर सियासी हलचल तेज है. माना जा रहा है कि अब किसी भी वक्त नई टीम का ऐलान हो सकता है. सूत्रों के मुताबिक, नई टीम में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने की कोशिश होगी. सबसे खास बात यह है कि संगठन में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की तैयारी की जा रही है.

छत्तीसगढ़ के नेताओं को मिल सकती है जिम्मेदारी
नई टीम में छत्तीसगढ़ से भी दो प्रमुख नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिलने की चर्चा है. हालांकि, इनके नाम को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. सोशल मीडिया और महिला मोर्चा से जुड़े पदों पर भी छत्तीसगढ़ का प्रभाव दिखाई देने की संभावना जताई जा रही है. संगठन में युवा चेहरों को आगे बढ़ाने पर भी खास जोर रहने की बात सामने आ रही है.
स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी का नाम चर्चा में
सूत्रों के मुताबिक, स्मृति ईरानी को नई राष्ट्रीय टीम में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है और उन्हें महामंत्री बनाए जाने की चर्चा है. वहीं हरीश द्विवेदी को भी महामंत्री पद की जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है. हरीश द्विवेदी बस्ती से दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं और बीजेपी संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं.
विनोद तावड़े और सुनील बंसल रह सकते हैं
नई टीम में विनोद तावड़े और सुनील बंसल के बने रहने की भी चर्चा है. दोनों नेता बीजेपी संगठन में लंबे समय से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. इसके अलावा हरियाणा के वरिष्ठ नेता संजय भाटिया को भी नई टीम में जगह मिलने की संभावना बताई जा रही है. संजय भाटिया संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं और 2019 में करनाल से लोकसभा सांसद चुने गए थे.
युवाओं पर रहेगा खास फोकस
नई टीम में युवा चेहरों को जिम्मेदारी देने की रणनीति पर भी जोर रहने की संभावना है. डॉ. हेमांग जोशी जैसे युवा नेताओं को संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका मिल सकती है. हाल के जेन-जी आंदोलन और बदलती युवा राजनीति को देखते हुए बीजेपी युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर सकती है. हालांकि, नई टीम में अंतिम रूप से किसे जगह मिलेगी, यह आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा.



