CG News: नितिन नवीन की नई टीम घोषित, रूप कुमारी चौधरी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और दीपक म्हस्के सोशल मीडिया संयोजक बने
CG News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 17 अगस्त 2026 को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है. नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी. नई सूची में कई वरिष्ठ और युवा नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं. छत्तीसगढ़ से सांसद रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली है.

रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
नई टीम में छत्तीसगढ़ की सांसद रूप कुमारी चौधरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने को प्रदेश भाजपा के लिए महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है. राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राजस्थान की वसुंधरा राजे सिंधिया, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा समेत कई प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है.
8 नेताओं को बनाया गया राष्ट्रीय महामंत्री
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चों के लिए भी राष्ट्रीय स्तर पर नई नियुक्तियां की गई हैं.
दीपक म्हस्के को सोशल मीडिया की कमान
छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को राष्ट्रीय सोशल मीडिया संयोजक बनाया गया है. पार्टी की डिजिटल गतिविधियों और सोशल मीडिया से जुड़े कामों में उनकी सक्रियता को देखते हुए यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. वहीं गुजरात के डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा की जिम्मेदारी दी गई है. नई टीम में संगठन के साथ डिजिटल संचार और युवा वर्ग पर भी खास फोकस दिखाई दे रहा है.
मीडिया और डिजिटल संगठन पर जोर
भाजपा की नई टीम में मीडिया और सोशल मीडिया को भी विशेष महत्व दिया गया है. उत्तराखंड के अनिल बलूनी को राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है. मध्य प्रदेश के आशीष ऊषा अग्रवाल, दिल्ली के प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है. छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से प्रदेश भाजपा की भूमिका भी राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती दिखाई दे रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: गृहग्राम बगिया में किसान बने मुख्यमंत्री साय, बैलों के साथ खेत में चलाया हल




