CG News: 37 दिन बाद बहाल हुआ केके रेल मार्ग, आज से जगदलपुर पहुंचेंगी समलेश्वरी और हीराखंड एक्सप्रेस
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के लोगों के लिए राहत भरी खबर है. करीब 37 दिनों के लंबे इंतजार के बाद केके रेल मार्ग पर यात्री ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो गया है. बाढ़ और भूस्खलन के कारण बंद पड़ा यह रेल मार्ग आज से बहाल हो गया है. समलेश्वरी एक्सप्रेस और हीराखंड एक्सप्रेस आज से जगदलपुर पहुंच रही हैं. वहीं, जगदलपुर-विशाखापत्तनम, राउरकेला और नाइट एक्सप्रेस का संचालन 4 नवंबर से शुरू होगा. ट्रेनों की वापसी से व्यापारियों, छात्रों और आम यात्रियों ने राहत की सांस ली है. दिवाली और छठ के बाद घर लौटने वाले लोगों के लिए भी यह बड़ी राहत मानी जा रही है.

भीषण बाढ़ और भूस्खलन से ठप हुआ था रेल मार्ग
दरअसल, 23 और 24 सितंबर को आई भीषण बाढ़ ने बस्तर की लाइफ लाइन माने जाने वाले कोत्तावालसा-किरंदुल यानी केके रेल मार्ग को पूरी तरह प्रभावित कर दिया था. ओडिशा के रायगड़ा जिले में नल्लीगुड़ा और छत्रिपुट रेलवे स्टेशनों के बीच बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुआ था. पहाड़ से भारी मात्रा में मलबा आने के कारण करीब 3 किलोमीटर तक रेल पटरी उखड़ गई थी. कई स्थानों पर पटरियां हवा में झूल गई थीं, जबकि रेलवे ट्रैक के स्लीपर भी बह गए थे.
बस्तर का देश के दूसरे हिस्सों से टूटा था संपर्क
रेल मार्ग बंद होने के कारण बस्तर का देश के दूसरे हिस्सों से सीधा रेल संपर्क टूट गया था. इसका असर केवल यात्री परिवहन पर ही नहीं, बल्कि लौह अयस्क की ढुलाई पर भी पड़ा था. व्यापारियों और आम लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था. लंबे समय तक ट्रेनों का संचालन बंद रहने से स्थानीय लोगों को सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ा.

दिन-रात मरम्मत कर रेलवे ने बहाल किया ट्रैक
रेल मार्ग को दोबारा चालू करने के लिए ईस्ट कोस्ट रेलवे ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया था. दिन-रात मशीनों की मदद से मलबा हटाया गया, क्षतिग्रस्त हिस्सों में नई रेल पटरी बिछाई गई और पहाड़ को काटकर सुरक्षा दीवार तैयार की गई. करीब एक महीने की लगातार मेहनत के बाद ट्रैक को फिर से ट्रेन संचालन के योग्य बनाया गया.
मालगाड़ियों के ट्रायल के बाद यात्री ट्रेनों को हरी झंडी
रेलवे ने यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू करने से पहले इस मार्ग पर मालगाड़ियों का ट्रायल किया. ट्रैक की स्थिति संतोषजनक पाए जाने के बाद यात्री ट्रेनों को चलाने की अनुमति दी गई. अब 37 दिनों बाद केके रेल मार्ग पर यात्री सेवाएं बहाल होने से बस्तर के लोगों को बड़ी राहत मिली है. आने वाले दिनों में बाकी ट्रेनों का संचालन शुरू होने से यात्रियों की आवाजाही और आसान होने की उम्मीद है.

One Response