CG News: छत्तीसगढ़ में पीएमजीएसवाय की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक सम्पन्न
CG News: छत्तीसगढ़ में ग्रामीण सड़क संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से आज मंत्रालय (महानदी भवन) में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की राज्य स्तरीय स्थायी समिति की 28वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव ने की।
बैठक में ग्रामीण सड़कों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।

पहले सर्वे और सभी क्लीयरेंस, फिर निर्माण कार्य
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण से पहले व्यापक जमीनी सर्वे अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही भूमि अधिग्रहण, वन विभाग की स्वीकृति और अन्य सभी कानूनी-प्रशासनिक प्रक्रियाएं निर्माण शुरू होने से पहले पूरी की जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने से क्षतिग्रस्त हुई ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता दी जाए।
पीएमजीएसवाई फेस-4 की तैयारी तेज
बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी PMGSY फेस-4 के तहत राज्य की उन सभी बसाहटों की पहचान की जाएगी, जहां अभी तक पक्की सड़क नहीं पहुंची है। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी क्षेत्रों को मुख्य सड़क नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

बस्तर में सुरक्षा बलों के सहयोग से 52 सड़कें पूरी
अधिकारियों ने बताया कि फेस-1, फेस-2 और फेस-3 के तहत अब तक राज्य में 8,358 सड़कें और 447 पुल-पुलिया बनाए जा चुके हैं।
वर्ष 2025-26 में बस्तर संभाग के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों के सहयोग से 52 अपूर्ण सड़कों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। साथ ही फेस-3 के तहत 31 बड़े पुलों का निर्माण भी संपन्न हुआ है।
पीएम जनमन योजना में लक्ष्य से अधिक उपलब्धि
बैठक में जानकारी दी गई कि पीएम जनमन (PM JANMAN) योजना के तहत निर्धारित 1,372 किलोमीटर के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 1,517 किलोमीटर सड़कें बनाई जा चुकी हैं।
विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PGVT) की 872 बसाहटों के लिए स्वीकृत 807 सड़कों में से 366 सड़कें पूरी हो चुकी हैं, जबकि 429 पर कार्य प्रगति पर है।
वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, गृह, वित्त, लोक निर्माण, वन, परिवहन, स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े..CG News: राज्यपाल को भेंट किया दुनिया के सबसे महंगे मियाजाकी आम, बोले- बस्तर को मिलेगी वैश्विक पहचान
