CG News : गुरु नानक देव जी की स्मृतियों से जुड़े गढ़फुलझर का होगा कायाकल्प, मुख्यमंत्री साय ने की एक करोड़ की घोषणा
CG News : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बसना विकासखंड स्थित ऐतिहासिक गढ़फुलझर को आध्यात्मिक और धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नानकसागर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके साथ ही क्षेत्र में सर्वसुविधायुक्त अंबेडकर भवन और सार्वजनिक उद्यान का निर्माण भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव जी की पावन स्मृतियों से जुड़े इस स्थल की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को नई ऊंचाई दी जाएगी।

पांच सौ साल पुरानी विरासत को मिलेगा नया स्वरूप
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गढ़फुलझर स्थित ऐतिहासिक नानक सागर साहिब गुरुद्वारे में सिख समाज द्वारा आयोजित विशेष कीर्तन समागम में शामिल हुए। उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि के लिए अरदास की तथा शबद कीर्तन का श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लगभग पांच शताब्दी पूर्व प्रथम सिख गुरु श्री गुरु नानक देव जी के पावन चरण इस धरती पर पड़े थे। तत्कालीन राजा भैंना द्वारा पांच एकड़ भूमि दान किए जाने का प्रसंग इस क्षेत्र की उदारता और सांप्रदायिक सद्भाव की गौरवशाली परंपरा को दर्शाता है।

आस्था के साथ सामाजिक समरसता का भी बनेगा केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि गढ़फुलझर केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सिख, कोलता और आदिवासी समाज सहित विभिन्न समुदायों की साझा आस्था और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। सरकार का प्रयास है कि यह स्थल आध्यात्मिक शांति के साथ सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों का संदेश देने वाला प्रमुख धाम बने। उन्होंने गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रेम, करुणा, समानता, परिश्रम और सेवा का उनका संदेश पूरी मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाता है। विधायक संपत अग्रवाल ने भी मुख्यमंत्री की घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गढ़फुलझर और नानकसागर को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी।



