CG News: सीतापुर में ₹28.41 करोड़ से बनेगी फोरलेन सड़क, CM साय ने किया शिलान्यास
CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से 28.41 करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क परियोजना का शिलान्यास किया. इसके तहत सोनतराई से सूर तक 3.82 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा. परियोजना पूरी होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है.

दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी होगी सड़क
यह निर्माण कार्य वन टाइम इम्प्रूवमेंट योजना के तहत कराया जाएगा. परियोजना में सड़क के दोनों ओर सात-सात मीटर चौड़ी डामरीकृत सड़क बनाई जाएगी. बीच में डिवाइडर का निर्माण होगा. इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर नालियां बनाई जाएंगी और पूरे हिस्से में स्ट्रीट लाइट लगाने की व्यवस्था भी की गई है.
विकास के लिए बेहतर सड़क संपर्क जरूरी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि सड़कें विकास की आधारशिला होती हैं. बेहतर सड़क संपर्क से लोगों का आवागमन आसान होता है और आर्थिक तथा सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर सीतापुर में सड़क चौड़ीकरण से स्थानीय नागरिकों के साथ इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा. क्षेत्र की जरूरतों और आम जनता की सुविधाओं को ध्यान में रखकर सड़क सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है.

विधायक रामकुमार टोप्पो ने जताया आभार
सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने सड़क निर्माण को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना बताया और मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया. उन्होंने कहा कि फोरलेन सड़क बनने से सीतापुर के विकास को गति मिलेगी और लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी. विधायक ने क्षेत्र में मानव तस्करी की रोकथाम, नशामुक्ति और नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और लोगों के जीवन स्तर में सुधार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, राष्ट्रीय राजमार्ग-43 के किलोमीटर 433.850 से 437.670 तक सोनतराई से सूर के बीच सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा. परियोजना में डामरीकृत सड़क, डिवाइडर, नाली और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं शामिल हैं. नालियों के निर्माण से बारिश के पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है, जबकि स्ट्रीट लाइट लगने से रात में वाहन चालकों और राहगीरों को सुविधा मिलेगी.
शिलान्यास कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
शिलान्यास कार्यक्रम सीतापुर के सांस्कृतिक भवन में आयोजित किया गया. इसमें मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े. इसके अलावा लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, उपाध्यक्ष देवनारायण सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेमदान कुजूर, उपाध्यक्ष विक्की नामदेव और जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अनिल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

One Response