CG News: छत्तीसगढ़ में DA-DR में 2% बढ़ोतरी, 1 नवंबर से मिलेगा 60% महंगाई भत्ता
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली से पहले प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों को राहत देने वाला फैसला लिया है. राज्य सरकार ने महंगाई भत्ता (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है. इसके बाद 1 नवंबर 2026 से इसकी दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी.

5.35 लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को मिलेगा लाभ
सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लगभग 3.85 लाख शासकीय कर्मचारी और 1.50 लाख पेंशनर लाभान्वित होंगे. महंगाई भत्ता और महंगाई राहत बढ़ने से उन्हें बढ़ती महंगाई के बीच अतिरिक्त आर्थिक सहायता मिलेगी. दीपावली से पहले हुई इस घोषणा से कर्मचारियों और पेंशनरों के परिवारों को भी राहत मिलने की उम्मीद है.

हर महीने 36 करोड़ का अतिरिक्त भार
महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा. इस तरह सालाना आधार पर सरकार को करीब 432 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च करने होंगे.
CM साय ने क्या कहा?
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के प्रति संवेदनशील है. दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. उन्होंने उम्मीद जताई कि महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में वृद्धि से कर्मचारियों और पेंशनरों को मदद मिलेगी तथा त्योहार की खुशियां बढ़ेंगी.

