CG News: बांस वादक विक्रम यादव की तबीयत पर CM साय ने दिखाई संवेदनशीलता, बेहतर इलाज के दिए निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार और प्रसिद्ध बांस वादक विक्रम यादव के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है. मुख्यमंत्री ने बुधवार को उनके परिजनों से फोन पर बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.

परिजनों से की फोन पर चर्चा
मुख्यमंत्री साय ने विक्रम यादव के परिवार से चर्चा करते हुए कहा कि उनके उपचार में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनके बेहतर इलाज और आवश्यक सहयोग के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ साथ खड़ी है.
राजनांदगांव कलेक्टर को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने राजनांदगांव कलेक्टर से भी फोन पर बातचीत कर विक्रम यादव के इलाज की स्थिति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए और जरूरत के अनुसार सभी चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं.
छत्तीसगढ़ की संस्कृति को विश्व मंच तक पहुंचाया
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं. अपनी अनोखी बांस वादन शैली के जरिए उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोक कला और भारतीय परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है.
प्रदेश सरकार कलाकारों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने विक्रम यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है, फिलहाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके बांस वादक विक्रम यादव का उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है.
