CG News: मुख्यमंत्री साय ने शुरू किया ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान, गौ संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित गौ सेवा संगम एवं गौ विज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदेशव्यापी ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान की शुरुआत की. इस दौरान उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सहभागिता से ही यह जनआंदोलन बन सकता है.
1.64 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने दी गौ विज्ञान परीक्षा
मुख्यमंत्री ने गौ विज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया. उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेशभर के स्कूलों और कॉलेजों के 1 लाख 64 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया. मुख्यमंत्री ने इसे नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, वैज्ञानिक सोच और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता का सकारात्मक संकेत बताया, मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज में गौ सेवा एवं गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि जब हर परिवार गौ संरक्षण का संकल्प लेगा, तभी यह अभियान व्यापक जनआंदोलन का रूप ले सकेगा.
गौशालाओं को बढ़ी आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने पंजीकृत गौशालाओं में प्रति गाय चारे के लिए मिलने वाली सहायता राशि 20 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये प्रतिदिन कर दी है. इसके साथ ही सुरभि गौधाम योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से युक्त गौधाम विकसित किए जा रहे हैं, जहां पशु चिकित्सक, चरवाहे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, मुख्यमंत्री ने कहा कि गोबर और गोमूत्र आधारित उत्पाद ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दे सकते हैं. सरकार ऐसे उत्पादों के निर्माण और प्रशिक्षण की व्यवस्था भी करेगी, जिससे गौपालन स्वरोजगार और आय का प्रभावी माध्यम बन सके.
बस्तर में डेयरी विकास को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में सामान्य होते हालात के बाद डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं. राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के सहयोग से देसी गाय उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है. इससे दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आय में वृद्धि की उम्मीद है. सरकार भविष्य में इस योजना का लाभ अधिक से अधिक इच्छुक पशुपालकों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है.
न्योता भोज जैसी पहल की सराहना
मुख्यमंत्री ने शाला प्रवेश उत्सव और न्योता भोज जैसी पहल का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ या अन्य विशेष अवसरों पर स्कूलों में बच्चों के साथ भोजन कराने की परंपरा समाज और विद्यालय के बीच संबंध मजबूत कर रही है, साथ ही बच्चों को अतिरिक्त पोषण भी मिल रहा है, गौ विज्ञान परीक्षा के तीनों वर्गों के विजेताओं को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया. प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 31 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई.

