CG News: CM साय की कैबिनेट बैठक में बड़े फैसले, किसानों के लिए उर्वरक समिति और अग्निवीरों के लिए आरक्षण को मंजूरी
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में मंत्रिपरिषद की बैठक आयोजित हुई. बैठक में किसानों, अग्निवीर सैनिकों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई.
उर्वरक व्यवस्था को बेहतर बनाने बनेगी मंत्री मंडलीय समिति
कैबिनेट ने प्रदेश के किसानों को खरीफ और रबी सीजन में समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए मंत्री मंडलीय उप समिति के गठन को मंजूरी दी है. यह समिति उर्वरक की उपलब्धता, आपूर्ति, वितरण और प्रबंधन से जुड़े मामलों की समीक्षा करेगी और सरकार को आवश्यक सुझाव देगी, कैबिनेट ने अग्निवीर सैनिकों के पुनर्वास और रोजगार के लिए बड़ा फैसला लिया है. राज्य की तृतीय श्रेणी की सरकारी नौकरियों में अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है.
उप मुख्यमंत्री होंगे समिति के अध्यक्ष
उर्वरक संबंधी इस समिति के अध्यक्ष उप मुख्यमंत्री होंगे. इसमें कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग, सहकारिता विभाग और वित्त विभाग के मंत्री सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे. कृषि उत्पादन आयुक्त समिति के संयोजक होंगे, समिति जरूरत के अनुसार अधिकारियों, विशेषज्ञों और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी बैठक में बुला सकेगी और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के लिए सुझाव देगी.
पुलिस, वन और जेल विभाग में मिलेगा लाभ
इस आरक्षण का लाभ पुलिस विभाग में आरक्षक, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में वनरक्षक और जेल विभाग में प्रहरी पदों की सीधी भर्ती में मिलेगा. इसका फायदा उन अग्निवीर सैनिकों को मिलेगा, जिन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों में चार साल की सेवा पूरी कर वैध प्रमाण पत्र के साथ सेवामुक्ति ली है.
अग्निवीरों के अनुभव का मिलेगा लाभ
सरकार का कहना है कि इस निर्णय से अग्निवीर सैनिकों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे. साथ ही उनके अनुशासन, प्रशिक्षण और सैन्य अनुभव का लाभ पुलिस, वन और जेल प्रशासन को भी मिलेगा, यह फैसला मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा विधानसभा में की गई घोषणा के पालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
