CG News: छत्तीसगढ़ के पारंपरिक चावल को मिलेगा ग्लोबल बाजार, स्पेन में निर्यात और ब्रांडिंग पर हुई चर्चा
CG News: छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल और खास कृषि उत्पादों को अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने की तैयारी शुरू हो गई है. कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय संस्था फिरा बार्सिलोना के अधिकारियों के साथ व्यावसायिक चर्चा की. इस दौरान जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे पारंपरिक चावलों की वैश्विक ब्रांडिंग, निर्यात और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बनाने की संभावनाओं पर विचार किया गया.

अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में दिखेंगे छत्तीसगढ़ के उत्पाद
बार्सिलोना में आयोजित बैठक में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने फिरा बार्सिलोना के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो के साथ चर्चा की. इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, कृषि संचालक राहुल देव और भारत की काउंसिल जनरल आर्स निसार भी मौजूद रहीं. बैठक में प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों में शामिल करने, विदेशी खरीदारों से संपर्क बढ़ाने और निर्यात के नए रास्ते तलाशने पर चर्चा हुई. फिरा बार्सिलोना के सीईओ ने छत्तीसगढ़ सरकार के साथ समन्वय बनाकर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक व्यापारिक आयोजनों में प्रचारित करने में सहयोग का भरोसा दिया.
जीराफूल और नगरी दुबराज की होगी ग्लोबल ब्रांडिंग
छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल अपनी खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता के लिए अलग पहचान रखते हैं. इनमें जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ प्रमुख किस्में हैं. खास बात यह है कि जीराफूल और नगरी दुबराज को भौगोलिक संकेतक यानी जीआई टैग भी मिल चुका है. इन चावलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर ब्रांडिंग और बाजार में पहचान विकसित होने से किसानों को अपनी विशिष्ट उपज का उचित मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं. इसके साथ ही पारंपरिक धान की किस्मों के संरक्षण और उत्पादन को भी प्रोत्साहन मिल सकता है.

किसानों और निर्यातकों के लिए खुलेंगे नए अवसर
फिरा बार्सिलोना विभिन्न देशों और राज्यों के साथ व्यावसायिक समन्वय स्थापित कर कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंच उपलब्ध कराने का काम करती है. मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के साथ समन्वय के बाद अब छत्तीसगढ़ के उत्पादों को भी इस मंच से जोड़ने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं. इस पहल से किसान उत्पादक संगठनों यानी एफपीओ, कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों तक पहुंच बनाने का अवसर मिल सकता है. अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुसार गुणवत्ता, पैकेजिंग और विपणन व्यवस्था विकसित होने से प्रदेश के कृषि उत्पादों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी बढ़ सकती है.
2030 तक निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में काम कर रही है. छत्तीसगढ़ शासन की निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश के कुल निर्यात को दोगुना करने का लक्ष्य रखा गया है. इसी कड़ी में स्पेन के बार्सिलोना में हुई यह व्यावसायिक चर्चा प्रदेश के पारंपरिक कृषि उत्पादों को विदेशी बाजारों से जोड़ने की पहल है. आने वाले समय में यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विपणन और व्यापारिक सहयोग की व्यवस्था विकसित होती है, तो जीराफूल, जवाफूल और नगरी दुबराज जैसे चावल को वैश्विक बाजार में नई पहचान मिल सकती है.




One Response