CG News: छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग का वर्ल्ड रिकॉर्ड, 1810 वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क बस पास, गोल्डन बुक में नाम दर्ज
CG News: छत्तीसगढ़ शासन के परिवहन विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और उनकी सुगम आवाजाही के लिए शुरू की गई अनूठी पहल ने विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. प्रदेश के 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के 1810 बुजुर्गों को एक साथ निशुल्क बस पास उपलब्ध कराने के इस बड़े अभियान को ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ (Golden Book of World Records) में दर्ज किया गया है.

‘यह केवल रिकॉर्ड नहीं, बुजुर्गों के सम्मान की बात’
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्य के परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने इसे प्रदेश के सभी वरिष्ठ नागरिकों को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार परिवहन व्यवस्था को केवल सुविधाजनक ही नहीं, बल्कि सामाजिक रूप से संवेदनशील और जन-कल्याणकारी बनाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है. उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार विभाग की कार्यशैली से अधिक बुजुर्गों के प्रति आदर भाव का प्रतीक है.

यात्राओं को आसान बनाने का प्रयास
परिवहन मंत्री ने कहा कि 80 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों ने अपने जीवन के लंबे अनुभवों और श्रम से समाज व प्रदेश के निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया है. उम्र के इस पड़ाव में स्वास्थ्य जांच, पारिवारिक मिलन और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए यात्रा करना कई बार आर्थिक व शारीरिक रूप से चुनौतीपूर्ण होता है. ऐसे में बसों में निशुल्क यात्रा का यह तोहफा उनकी दैनिक जरूरतों को बिना किसी आर्थिक बोझ के आसान बनाएगा.
पहली बार जुड़े 450 नए गांव
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए निशुल्क यात्रा सुविधा राज्य के सार्वजनिक परिवहन विस्तार का ही एक हिस्सा है. ‘मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना’ के तहत 69 चयनित ग्रामीण मार्गों पर बस संचालन शुरू होने से प्रदेश के 450 से अधिक दूरस्थ गांव पहली बार सीधे यात्री बस सेवा से जुड़ चुके हैं, जिससे ग्रामीण कनेक्टिविटी में ऐतिहासिक सुधार आया है.
200 नई बसें चलाने की कार्ययोजना तैयार
ग्रामीण, वनांचल और दूरदराज के क्षेत्रों तक बस सेवा की पहुंच को और मजबूत बनाने के लिए विभाग ने आगामी कार्ययोजना भी साझा की है. वर्ष 2026-27 के दौरान प्रदेश के नए और उपेक्षित मार्गों पर 200 नई बसों के संचालन का लक्ष्य रखा गया है. सरकार का मुख्य ध्येय राज्य के अंतिम व्यक्ति तक सुरक्षित, सस्ती और सुलभ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है.


One Response