CG News: रायपुर रेलवे स्टेशन पर जल्द शुरू होगा AI आधारित नेविगेशन सिस्टम “मार्गदर्शक”, एक क्लिक में मिलेगा पूरा मैप
CG News: भारतीय रेलवे द्वारा ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों को हाई-टेक व आधुनिक बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर रेल मंडल ने यात्रियों के सफर को बेहद सुगम और तनावमुक्त बनाने के लिए एक अभिनव पहल की है. जल्द ही रायपुर रेलवे स्टेशन पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित डिजिटल पैसेंजर नेविगेशन और वे-फाइंडिंग सिस्टम “मार्गदर्शक” को प्रायोगिक (Pilot Project) तौर पर शुरू किया जाएगा.
![]()
यात्रियों के लिए साबित होगा वरदान
यह अत्याधुनिक तकनीक विशेष रूप से उन मुसाफिरों और बुजुर्गों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो पहली बार रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंच रहे हैं. अक्सर ट्रेन पकड़ने की हड़बड़ी या समय की कमी के कारण यात्री भटक जाते हैं. विशाल स्टेशन परिसर में प्लेटफॉर्म, लिफ्ट या एग्जिट गेट ढूँढने की उलझन को यह AI डिजिटल सिस्टम चुटकियों में सुलझा देगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और ट्रेन छूटने का जोखिम खत्म होगा.
![]()
‘डिजिटल कंपास’ की आवश्यकता?
रायपुर रेलवे स्टेशन देश के सबसे व्यस्त और प्रमुख जंक्शनों में से एक है, जहाँ से प्रतिदिन हजारों की संख्या में मुसाफिर आवाजाही करते हैं. स्टेशन पर कई प्लेटफॉर्म, मल्टीपल एंट्री-एग्जिट पॉइंट, वेटिंग रूम्स और फूड स्टॉल्स उपलब्ध हैं, लेकिन पारंपरिक पूछताछ केंद्रों पर भीड़ होने के कारण यात्रियों को सही लोकेशन ढूंढने में परेशानी होती थी. इसी मैदानी समस्या को भांपते हुए रेल प्रशासन ने इस स्मार्ट नेविगेशन का खाका तैयार किया है.
मोबाइल पर एक क्लिक में खुलेगा स्टेशन का मैप
“मार्गदर्शक” प्रणाली के तहत यात्रियों को अपने मोबाइल फोन या स्टेशन परिसर में लगे डिजिटल कियोस्क/माध्यमों पर एक इंटरैक्टिव और लाइव मैप प्राप्त होगा. यह डिजिटल कंपास केवल सुविधाओं की जानकारी ही नहीं देगा, बल्कि यात्री जहाँ खड़ा है, वहाँ से उसके गंतव्य (जैसे- तय प्लेटफॉर्म या कार पार्किंग) तक पहुंचने का सबसे सटीक और सबसे छोटा पैदल रास्ता (Turn-by-Turn Wayfinding) लाइव गाइड करेगा.
उपलब्ध होंगी ये सभी महत्वपूर्ण सुविधाएं
इस स्मार्ट डिजिटल मैप के माध्यम से यात्री निम्नलिखित स्थानों की सटीक दिशा और दूरी देख सकेंगे
1. सही प्लेटफॉर्म की लोकेशन और उस तक पहुँचने का सबसे छोटा रूट
2. एसी व नॉन-एसी प्रतीक्षालय (Waiting Rooms) और डॉर्मिटरी
3. पुरुष, महिला व दिव्यांगजन शौचालय की सही दिशा
4. भारी सामान वाले यात्रियों के लिए लिफ्ट और एस्केलेटर
5. मुख्य प्रवेश (Entry) और निकास द्वार (Exit Gates)
6. कार/ऑटो पार्किंग, कैब पिक-अप ज़ोन, यूटीएस/पीआरएस टिकट काउंटर और पूछताछ केंद्र
