CG News: BJP संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह की दो टूक, ‘जो काम करेगा उसे मिलेगा पद, पार्टी सब देख रही’
CG News: प्रदेश भाजपा के नए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की समीक्षा बैठक ली. बैठक के दौरान शांत रहते हुए भी उनकी पैनी नजरें एक-एक पदाधिकारी और उनके व्यवहार पर रही. बैठक के बाद कर्मवीर सिंह झारखंड के नए संगठन महामंत्री पवन साय के साथ रांची के लिए रवाना हो गए.

उचित समय पर काम का मिलेगा सम्मान
बैठक को संबोधित करते हुए कर्मवीर सिंह ने पदाधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया. उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं या नेताओं को फिलहाल पद नहीं मिला है, उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. पार्टी हर कार्यकर्ता के काम को देख रही है और उचित समय आने पर समर्पित कार्यकर्ताओं को पद देकर जरूर सम्मानित किया जाएगा.
2028 के चुनाव की तैयारी में जुटें
कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के आदर्शों पर चलने की सीख दी. उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा के माध्यम से जनता तक पहुंचती है, जैसा कोरोना काल में कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर किया था. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा, समर्पण और मजबूत संगठन के बल पर जन-जन तक पहुंचें और 2028 के आगामी चुनाव की तैयारियों में अभी से जुट जाएं.
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में बना रिकॉर्ड
बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. अभियान प्रभारी और प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन ने जानकारी दी कि पूरे प्रदेश में लगभग दो करोड़ दीये जलाए गए.
22 राज्यों के सुशासन और अभियानों पर चर्चा
बैठक में महाराष्ट्र के संगठन महामंत्री अजय जामवाल, झारखंड के संगठन महामंत्री पवन साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी समेत वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. पवन साय ने कहा कि देश के 22 राज्यों में भाजपा सरकारें सेवा भाव से काम कर रही हैं, वहीं अजय जामवाल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के जरिए लाखों परिवारों, युवाओं और लाभार्थियों से सीधा संपर्क साधा जा रहा है.

One Response