CG News: ऐतिहासिक मुक्तेश्वर शिव मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री साय, प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा-अर्चना
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायपुर जिले के धरसींवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा पहुंचे. यहां उन्होंने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान शिव से प्रदेशवासियों के सुखी, समृद्ध और खुशहाल जीवन की कामना की. साथ ही छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और विकास के लिए भी आशीर्वाद मांगा.

धार्मिक विरासत पर CM ने कही बड़ी बात
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की धरती प्राचीन मंदिरों, धार्मिक आस्थाओं और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से समृद्ध है. मुक्तेश्वर धाम जैसे ऐतिहासिक धार्मिक स्थल हमारी गौरवशाली विरासत और लोक आस्था के जीवंत प्रतीक हैं.

सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं प्राचीन मंदिर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐतिहासिक धार्मिक स्थलों का महत्व केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि ये हमारी सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत बनाते हैं. ऐसे मंदिरों से समाज में आस्था, परंपरा और एकजुटता की भावना को बढ़ावा मिलता है. मुक्तेश्वर धाम भी छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक परंपरा और लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र है.

विधायक और रणविजय सिंह जूदेव भी रहे मौजूद
इस अवसर पर धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा, पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. इनके अलावा अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मंदिर परिसर में उपस्थित थे. मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने पर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला.

One Response