CG Success Story: बस्तर के किसान की अनोखी पहल, धान के साथ मक्का और सब्जियों की खेती से कमा रहे लाखों रुपये
CG Success Story: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में एक किसान ने अपनी मेहनत और खेती में नए प्रयोगों के दम पर आर्थिक खुशहाली की राह तैयार की है. तोकापाल विकासखंड के ग्राम राजूर निवासी फूलसिंह सेठिया सीमित कृषि भूमि का बेहतर इस्तेमाल कर सालभर अलग-अलग फसलों का उत्पादन कर रहे हैं. खरीफ सीजन में धान की खेती के बाद वे रबी के मौसम में मक्का और तरह-तरह की साग-सब्जियां उगाते हैं. उनकी इस पहल से न केवल परिवार की आमदनी बढ़ रही है, बल्कि खेती को आत्मनिर्भरता का मजबूत जरिया बनाने की प्रेरणा भी मिल रही है.

इस साल 38 क्विंटल की बिक्री
फूलसिंह सेठिया के पास तीन एकड़ पैतृक कृषि भूमि है, जिस पर वे खरीफ सीजन में श्री विधि अपनाकर धान की उन्नत खेती करते हैं. बेहतर उत्पादन के बाद वे अपना धान तोकापाल उपार्जन केंद्र में बेचने पहुंचे. किसान के मुताबिक, इस साल उन्होंने लिंकिंग के माध्यम से 38 क्विंटल धान विक्रय किया है. इससे सहकारी समिति से लिए गए फसल ऋण को चुकाने में मदद मिलेगी. इससे पहले पिछले वर्ष भी उन्होंने समिति में 32 क्विंटल धान बेचा था, जिसकी अंतर की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा हुई थी.
खेत में नलकूप बना अतिरिक्त कमाई का आधार
किसान फूलसिंह की आर्थिक तरक्की में सिंचाई की सुविधा की भी अहम भूमिका है. उनके खेत में स्थापित नलकूप के कारण अब उन्हें रबी सीजन में खेती करने का अवसर मिल रहा है. खरीफ में धान की कटाई के बाद खेत खाली छोड़ने के बजाय वे मक्का और विभिन्न प्रकार की सब्जियों का उत्पादन करते हैं. इससे सीमित जमीन का अधिकतम उपयोग हो रहा है और परिवार को सालभर कृषि से आमदनी मिल रही है. सिंचाई की उपलब्धता ने उनकी खेती को एक नई दिशा दी है.

सब्जियों की बिक्री से करीब 3 लाख रुपये की कमाई
फूलसिंह सेठिया अपने खेतों में उगाई गई सब्जियों को तोकापाल, रायकोट और डिलमिली के स्थानीय बाजारों में बेचते हैं. इससे उन्हें सीजन के दौरान करीब 3 लाख रुपये की आय प्राप्त होती है. धान, मक्का और सब्जियों से होने वाली कमाई का उपयोग वे परिवार की दैनिक जरूरतों, भरण-पोषण और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर करते हैं. अलग-अलग फसलों का उत्पादन उनके लिए आमदनी के कई रास्ते खोल रहा है.
कृषक उन्नति योजना को बताया किसानों के लिए मददगार
किसान फूलसिंह सेठिया ने राज्य सरकार की कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने के फैसले को किसानों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया है. उनका कहना है कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं और आर्थिक सहयोग से खेती-किसानी को आगे बढ़ाने का प्रोत्साहन मिलता है. उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताया. फूलसिंह सेठिया की कहानी बताती है कि सीमित जमीन, बेहतर सिंचाई व्यवस्था और फसल विविधीकरण को अपनाकर खेती को परिवार की आर्थिक मजबूती का प्रभावी माध्यम बनाया जा सकता है.


One Response