CG News: गन्ना किसानों को बड़ी राहत, छत्तीसगढ़ में गन्ने का समर्थन मूल्य बढ़कर हुआ 425 रुपए प्रति क्विंटल
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में गन्ना खरीदी की कीमत में इजाफा करने, कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक स्थिति और CJP के विरोध प्रदर्शन को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिए हैं। सीएम ने बताया कि कवर्धा क्षेत्र में किसानों की लगातार मांग और किसान नेताओं के साथ हुई विस्तृत चर्चा के बाद गन्ने की कीमत 355 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर सीधे 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई है, जिसके बाद किसानों ने अपना आंदोलन और हड़ताल समाप्त कर दी है।

कांग्रेस नेता के 2028 के दावे पर सीएम का तंज
कांग्रेस नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के उस बयान पर कि कांग्रेस अब एकजुट हो चुकी है और 2028 में चुनाव जीतकर आएगी, मुख्यमंत्री साय ने तीखा तंज कसा है। सीएम ने इसेरी कोरी कल्पना और खयाली पुलाव बताते हुए कहा कि कांग्रेस को सपना देखते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि कभी पूरे देश में एकछत्र राज करने वाली कांग्रेस अपनी कथनी और करनी के अंतर, झूठ तथा लोगों को धोखा देने की प्रवृत्ति के कारण लगातार सिमटती जा रही है।
कांग्रेस की घटती लोकप्रियता और भविष्य की स्थिति
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति इतनी कमजोर हो जाएगी कि लोगों को ढूंढने से भी पार्टी के नेता नहीं मिलेंगे। उन्होंने कहा कि जनता अब भली-भांति समझ चुकी है और विपक्षी पार्टी के झूठे वादों के झांसे में आने वाली नहीं है, जिससे उनका जनाधार लगातार रसातल में जा रहा है।
CJP के प्रदर्शन को लेकर विशेष सुरक्षा कदम
राजधानी दिल्ली में CJP के प्रोटेस्ट को लेकर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पिछले आंदोलनों के दौरान हमने देखा था कि किस प्रकार हजारों की संख्या में असामाजिक तत्व भीड़ में घुसपैठ कर गए थे। सरकार किसी भी कीमत पर यह नहीं चाहती कि इस बार वैसी ही दोबारा कोई स्थिति बने और असामाजिक तत्वों के कारण राजधानी का शांतिपूर्ण माहौल अशांत हो।
प्रशासन पूरी तरह सतर्क
इसी संभावित खतरे और सुरक्षा स्थिति को गंभीरता से ध्यान में रखते हुए राज्य और स्थानीय प्रशासन ने विशेष और कड़े कदम उठाए हैं। सीएम ने स्पष्ट किया कि इन पुख्ता इंतजामों का मुख्य उद्देश्य राजधानी में किसी भी तरह की अव्यवस्था, हिंसा और कानून-व्यवस्था की समस्या को पूरी तरह से रोकना है।

One Response