CG News: छत्तीसगढ़ में खेल संस्कृति को मिलेगा नया आयाम, विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स क्लब और बैडमिंटन अकादमी की सौगात
CG News: राजधानी रायपुर के जोरा में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. आवश्यकता इन प्रतिभाओं को पहचानने, तराशने और विश्वस्तरीय प्रशिक्षण व आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की है. सरकार इसी दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन कर सकें.

पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी
मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर में प्रस्तावित विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स क्लब और प्रसिद्ध बैडमिंटन कोच पद्म भूषण पुलेला गोपीचंद की बैडमिंटन अकादमी की शुरुआत का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि गोपीचंद के मार्गदर्शन में कई खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है और अब छत्तीसगढ़ के युवाओं को भी अपने ही राज्य में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण मिल सकेगा. इस पहल से प्रदेश में खेल संस्कृति को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी.
बस्तर ओलंपिक से बदली गांवों की तस्वीर
बस्तर ओलंपिक का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यह आयोजन दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त मंच बना है. पहले वर्ष लगभग एक लाख 65 हजार खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जो दूसरे वर्ष बढ़कर तीन लाख 91 हजार से अधिक हो गया. आज बस्तर के युवा बंदूक और हिंसा का रास्ता छोड़कर खेल, शिक्षा और रोजगार के जरिए अपने भविष्य को संवार रहे हैं.
खेल अधोसंरचना के लिए 100 करोड़ का बजट प्रावधान
राज्य सरकार ने खेलों के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए इस वर्ष के बजट में 100 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है. केंद्र सरकार की ‘खेलो इंडिया’ योजना के समन्वय से आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित की जा रही है. ज्ञानेश्वरी यादव और संजू देवी जैसी बेटियों की सफलता का हवाला देते हुए सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि संसाधनों के अभाव में कोई भी प्रतिभावान खिलाड़ी पीछे न छूटे.
नक्सलवाद से मुक्ति और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पौने तीन वर्षों में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है, जिससे बस्तर में विकास और विश्वास के नए द्वार खुले हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के तहत वर्ष 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 75 लाख करोड़ रुपए तक पहुंचाने का लक्ष्य है. सुशासन, आधुनिक तकनीक और युवाओं के सशक्तिकरण के साथ छत्तीसगढ़ निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है.


One Response