CG News: युवा मंच में CM साय ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर किया फोकस
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में आयोजित युवा मंच कार्यक्रम में कहा कि नक्सलवाद की समस्या खत्म होने के बाद छत्तीसगढ़ विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार सरगुजा से लेकर बस्तर तक सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए काम कर रही है, मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान अलग अलग क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित भी किया.
बस्तर में पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पर्यटन के क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं, उन्होंने बस्तर के चित्रकोट जलप्रपात और धुड़मारास गांव का उदाहरण देते हुए कहा कि यहां देश और विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने की क्षमता है. धुड़मारास को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन गांव के रूप में पहचान मिलने और बस्तर में बंबू राफ्टिंग तथा होम स्टे जैसी गतिविधियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि नई उद्योग नीति में पर्यटन को भी बढ़ावा देने का प्रावधान किया गया है.
युवाओं और भर्ती परीक्षाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकता है, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कदम उठाए गए हैं और PSC से जुड़े मामलों में कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के साथ लगातार संवाद कर रही है और नीति निर्माण में उनके सुझावों को महत्व दिया जा रहा है, साथ ही रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है.
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का दावा
मुख्यमंत्री साय ने शिक्षा को विकास की बुनियाद बताते हुए कहा कि प्रदेश में स्कूल और कॉलेजों का विस्तार किया जा रहा है, बस्तर में नक्सलवाद की स्थिति बदलने के बाद एजुकेशन सिटी विकसित करने की योजना पर काम हो रहा है. स्वास्थ्य क्षेत्र में उन्होंने 15 संचालित मेडिकल कॉलेजों और पांच नए स्वीकृत मेडिकल कॉलेजों का उल्लेख किया, साथ ही बस्तर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत हुए स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी भी साझा की.
नई उद्योग नीति से रोजगार बढ़ाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई उद्योग नीति के तहत करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर समझौते हुए हैं और कई परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है. सेमीकंडक्टर, AI डेटा सेंटर और टेक्सटाइल जैसे क्षेत्रों में निवेश की गतिविधियां बढ़ रही हैं, वहीं ऐसे उद्योगों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है जो बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं को रोजगार देंगे, बारिश के बाद रोजगार मेले के जरिए युवाओं को विभिन्न उद्योगों में अवसर उपलब्ध कराने की भी बात कही गई है.


