CG News: PM सूर्य घर योजना से मिली बड़ी राहत, 1.08 लाख की सब्सिडी से घर पर लगा रूफटॉप सोलर
CG News: सरगुजा जिले में प्रधानमंत्री सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना के जरिए परिवारों को बिजली खर्च में राहत मिलने लगी है, अंबिकापुर के मायापुर की रहने वाली नीधि वर्मा ने अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगवाकर बिजली की जरूरतें पूरी करनी शुरू कर दी हैं. सोलर सिस्टम लगने के बाद उनके घर का बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है, जिससे परिवार को हर महीने होने वाले बड़े खर्च से राहत मिली है.

पहले हजारों रुपये आता था बिजली बिल
नीधि वर्मा के मुताबिक सोलर संयंत्र लगवाने से पहले उनके घर में हर महीने करीब 4 से 5 हजार रुपये का बिजली बिल आता था, इससे परिवार के मासिक बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ता था. प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत छत पर सोलर सिस्टम लगने के बाद घरेलू जरूरतों की बिजली सौर ऊर्जा से पूरी हो रही है, जिससे बिजली खर्च में बड़ी कमी आई है और परिवार को स्वच्छ ऊर्जा का स्थायी विकल्प भी मिला है.
1.08 लाख रुपये की सब्सिडी से मिली मदद
नीधि वर्मा ने बताया कि सोलर संयंत्र लगवाने में सरकारी सब्सिडी से काफी सहायता मिली, उन्हें कुल करीब 1 लाख 8 हजार रुपये की आर्थिक मदद मिली है. इसमें केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की सहायता शामिल है, सब्सिडी मिलने से सोलर संयंत्र की लागत का बड़ा हिस्सा कम हुआ और परिवार के लिए इसे लगवाना आसान हो गया.
बिजली उपभोक्ता से बनीं ऊर्जा दाता
सोलर संयंत्र लगने के बाद नीधि वर्मा के परिवार की भूमिका केवल बिजली उपभोक्ता तक सीमित नहीं रही, जरूरत से ज्यादा बिजली बनने पर अतिरिक्त उत्पादन ग्रिड में भेजा जा सकता है और नियमानुसार उसका लाभ भी मिलता है. उनका कहना है कि पहले परिवार बिजली खरीदता था, लेकिन अब घर की छत से बिजली पैदा कर ऊर्जा व्यवस्था में योगदान देने का अवसर मिल रहा है, इससे आर्थिक बचत के साथ पर्यावरण को भी फायदा होता है.
अंबिकापुर में तेजी से बढ़ रहा सोलर का दायरा
विद्युत विभाग के आंकड़ों के अनुसार अंबिकापुर शहर में 1,000 संयंत्रों के लक्ष्य के मुकाबले 2,021 आवेदन मिले हैं, इनमें 1,985 हितग्राहियों के लिए वेंडर चयनित हो चुके हैं और 1,136 घरों में रूफटॉप सोलर लगाए जा चुके हैं. ग्रामीण अंबिकापुर में भी 1,000 के लक्ष्य के मुकाबले 1,282 आवेदन आए हैं, 1,200 हितग्राहियों के वेंडर चयनित हुए हैं और 305 घरों में संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, इससे सरगुजा में स्वच्छ ऊर्जा और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ती भागीदारी दिखाई दे रही है.
यह भी पढ़ें : CG News: शेडनेट से ऑयल पाम तक, जशपुर के किसान अनारथ साय ने अपनाई आधुनिक खेती की राह



