CG News: सुकमा में बदलाव की कहानी, पीएम आवास योजना से माड़वी कोसा का सपना हुआ साकार
CG News: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के विकासखंड कोन्टा की ग्राम पंचायत सिलगेर में रहने वाले हितग्राही श्री माड़वी कोसा का वर्षों पुराना सपना आखिरकार साकार हो गया। कभी जर्जर झोपड़ी में रहने वाला यह परिवार अब सुरक्षित और मजबूत पक्के मकान में रह रहा है।
योजनाओं ने बदली जिंदगी
यह बदलाव प्रधानमंत्री आवास योजना–ग्रामीण और नियद नेल्लानार योजना के संयुक्त प्रयासों से संभव हुआ, जिसने उनके जीवन में स्थायी सुधार की नींव रखी।

प्रशिक्षण से बना आत्मनिर्भरता का रास्ता
इस बदलाव में रूरल मेसन ट्रेनिंग की अहम भूमिका रही, जिसे मेरापथ एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्राम पंचायत स्तर पर दिया गया था। प्रशिक्षण लेकर माड़वी कोसा ने खुद अपने घर का निर्माण किया और आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की।
आर्थिक सहायता से मिली मजबूती
वित्तीय वर्ष 2024–25 में उन्हें 1.20 लाख रुपये की आवास स्वीकृति मिली। इसके साथ ही मनरेगा के तहत 95 मानव दिवस और 23,085 रुपये की मजदूरी सहायता भी प्रदान की गई। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12,000 रुपये से शौचालय निर्माण कराया गया।
सुविधाओं से हुआ जीवन आसान
घर में सोलर पैनल से बिजली और नल-जल योजना से स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलने से परिवार का जीवन पहले से कहीं अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है, कलेक्टर अमित कुमार ने इस पहल को जिले के लिए मॉडल बताया, जबकि जिला पंचायत सीईओ मुकुंद ठाकुर ने इसे आत्मनिर्भरता का सफल उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री ने किया सम्मान
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने प्रवास के दौरान माड़वी कोसा से संवाद कर उन्हें सांकेतिक चाबी और सम्मान स्वरूप शाल-श्रीफल भेंट किया, आज माड़वी कोसा का यह पक्का घर सिर्फ एक निर्माण नहीं, बल्कि संघर्ष से सफलता तक की प्रेरक कहानी बन गया है, जो पूरे क्षेत्र के लिए आत्मनिर्भरता का संदेश दे रहा है।
