CG News: छत्तीसगढ़ में डिजिटल सत्यापन की नई व्यवस्था, सेवा सेतु के प्रमाण-पत्र होंगे QR कोड से सुरक्षित
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रमाण-पत्रों की जांच प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नई डिजिटल व्यवस्था शुरू की है. अब सेवा सेतु पोर्टल से जारी होने वाले आय, जाति, निवास और अन्य प्रमाण-पत्रों की सत्यता QR कोड के जरिए तुरंत जांची जा सकेगी.

मोबाइल से तुरंत होगी जांच
नई व्यवस्था में प्रमाण-पत्रों पर विशेष QR कोड दर्ज रहेगा, जिसे मोबाइल से स्कैन करते ही दस्तावेज की पूरी जानकारी सामने आ जाएगी. इससे नागरिक, विभाग और संस्थाएं प्रमाण-पत्र की वास्तविकता और उसकी वैधता की पुष्टि आसानी से कर सकेंगे, सरकार का उद्देश्य नकली प्रमाण-पत्रों के इस्तेमाल को रोकना है. नौकरी, छात्रवृत्ति, कॉलेज प्रवेश और सरकारी योजनाओं में जमा होने वाले दस्तावेजों की जांच अब ज्यादा सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से हो सकेगी.
यूनिक नंबर से मिलेगी जानकारी
हर आवेदन को एक यूनिक एप्लीकेशन रेफरेंस नंबर दिया जाएगा. इसके माध्यम से नागरिक अपने आवेदन की स्थिति और प्रमाण-पत्र से जुड़ी जानकारी को ऑनलाइन ट्रैक कर सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक आसान होगी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के अनुसार सेवा सेतु पोर्टल पर 35 विभागों की 564 सेवाएं उपलब्ध हैं. अब तक इस पोर्टल के माध्यम से 44 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जिससे डिजिटल सेवाओं का विस्तार बढ़ा है.
संस्थानों को मिलेगा बड़ा फायदा
नई व्यवस्था से सरकारी विभाग, भर्ती एजेंसियां, बैंक, कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रमाण-पत्रों का ऑनलाइन सत्यापन कर पाएंगे. इससे जांच प्रक्रिया तेज होगी और गलत दस्तावेजों की पहचान करना आसान हो जाएगा, QR कोड, डिजिटल हस्ताक्षर और ऑनलाइन सत्यापन की संयुक्त व्यवस्था से प्रमाण-पत्रों में छेड़छाड़ की संभावना कम होगी. इससे सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और नागरिकों का भरोसा मजबूत होगा.
ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी
सेवा सेतु पोर्टल पर ट्रेजरी और ई-चालान के माध्यम से ऑनलाइन भुगतान की सुविधा भी दी गई है. अब नागरिक घर बैठे शुल्क जमा कर सकेंगे और उन्हें सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत कम होगी, QR कोड आधारित सत्यापन व्यवस्था छत्तीसगढ़ में सरकारी सेवाओं को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है. इससे दस्तावेजों की विश्वसनीयता बढ़ेगी और प्रशासनिक प्रक्रिया को नई मजबूती मिलेगी.



