CG News: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना: सरगुजा में संतोष सरकार बने ‘ऊर्जादाता’, जानिए पूरी कहानी
CG News: केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ आम नागरिकों के जीवन में बड़ा सकारात्मक बदलाव ला रही है। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में इस योजना की सफलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण भगवानपुर निवासी संतोष सरकार हैं।

सोलर पैनल से मिली नई ऊर्जा और बचत
संतोष सरकार ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल स्थापित किया है। इसके बाद न केवल उनका बिजली बिल पूरी तरह खत्म हो गया है, बल्कि वे अब अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर ग्रिड को आपूर्ति करते हुए ‘ऊर्जादाता’ की भूमिका भी निभा रहे हैं।
बिजली बिल शून्य
संतोष सरकार ने बताया कि पहले उन्हें हर महीने 8 से 10 हजार रुपये तक का भारी बिजली बिल देना पड़ता था, जिससे उनके घरेलू बजट पर काफी दबाव रहता था। लेकिन सोलर सिस्टम लगने के बाद उनका बिजली बिल शून्य हो गया है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से बड़ी राहत मिली है।
सरकारी सब्सिडी से मिली मदद
इस योजना के तहत उन्हें कुल 1 लाख 8 हजार रुपये की सब्सिडी स्वीकृत हुई है। इसमें से 78 हजार रुपये की राशि केंद्र सरकार द्वारा सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर की जा चुकी है, जबकि राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ता कदम
संतोष सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने आम नागरिकों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। उन्होंने अन्य लोगों से भी इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है, ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ न केवल बिजली बिलों में राहत दे रही है, बल्कि लोगों को ऊर्जा उत्पादक बनाकर आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है।

