CG News: छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला, 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिक करेंगे मुफ्त बस यात्रा
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए पात्र यात्री बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने का फैसला किया है, इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र बुजुर्ग अपने एक सहायक के साथ भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगे, योजना के बेहतर संचालन के लिए परिवहन विभाग ने सभी जिलों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं.

बस स्टैंड और बसों में लगेगी जानकारी
परिवहन विभाग ने निर्देश दिया है कि बस स्टैंड यात्री प्रतीक्षालय सार्वजनिक स्थानों और बसों में इस योजना की जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र वरिष्ठ नागरिक इस सुविधा के बारे में जान सकें और इसका लाभ आसानी से उठा सकें.
बुजुर्गों के साथ होगा सम्मानजनक व्यवहार
विभाग ने सभी अधिकारियों और बस संचालकों को निर्देश दिए हैं कि पात्र वरिष्ठ नागरिकों और उनके एक सहायक को बिना किसी परेशानी के निःशुल्क यात्रा कराई जाए, यात्रा के दौरान उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और जरूरत पड़ने पर हर संभव सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए.
शिकायतों का होगा तुरंत समाधान
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी वरिष्ठ नागरिक को योजना का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी होती है, तो उसकी शिकायत का त्वरित समाधान किया जाएगा, अधिकारियों को इस संबंध में पूरी गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.
सुरक्षित और आसान सफर पर सरकार का फोकस
राज्य सरकार का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित सम्मानजनक और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपने सामाजिक पारिवारिक और अन्य जरूरी कार्यों के लिए बिना किसी आर्थिक बोझ के आसानी से यात्रा कर सकें.


