CG News: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को साड़ी वितरण में पारदर्शिता, खराब गुणवत्ता पर बदली जाएंगी साड़ियां
CG News: छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को साड़ी वितरण तय मापदंड और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी साड़ियां निर्धारित मानकों के अनुसार ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रति साड़ी 500 रुपये का प्रावधान
विभाग के अनुसार केंद्र सरकार के प्रावधान के तहत हर कार्यकर्ता और सहायिका को साल में दो साड़ियां दी जाती हैं, जिनके लिए प्रति साड़ी 500 रुपये निर्धारित हैं। राज्य में करीब 1.94 लाख साड़ियों की आपूर्ति छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़ी एजेंसी के माध्यम से की गई है।
गुणवत्ता जांच में मिली पुष्टि
साड़ियों के सैंपल की जांच तकनीकी एजेंसी राइट्स लिमिटेड, मुंबई से कराई गई थी, जिसमें गुणवत्ता को मानक के अनुरूप पाया गया था। इसके बाद ही वितरण प्रक्रिया पूरी की गई।
कुछ जिलों से मिली शिकायतें
दुर्ग, धमतरी, रायगढ़ और कबीरधाम जिलों से साड़ियों की लंबाई, बुनाई और रंग छोड़ने जैसी शिकायतें सामने आईं। जांच समिति ने कुछ मामलों में मापदंड से कमी और गुणवत्ता संबंधी खामियां पाई हैं।
विभाग ने दिए सुधार के निर्देश
महिला एवं बाल विकास विभाग ने सभी जिलों को दोबारा जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड को खराब साड़ियों को बदलकर मानक के अनुसार नई साड़ियां उपलब्ध कराने को कहा गया है।
हितग्राहियों को नुकसान नहीं होगा
विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या सहायिका को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा और सभी को मानक के अनुसार साड़ियां उपलब्ध कराई जाएंगी।

