CG News: पीएम सूर्य घर योजना से बदली तस्वीर, राजनांदगांव के 1,155 परिवारों का बिजली बिल हुआ जीरो
CG News: प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना के तहत छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है. इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में राजनांदगांव जिला प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है और राज्य में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है. योजना के जरिए हजारों परिवार बिजली खर्च में बचत कर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रहे हैं.
4,120 घरों में लगे रूफटॉप सोलर प्लांट
राजनांदगांव जिले में अब तक योजना के तहत 8,256 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से 4,120 घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं. बाकी आवेदनों में दस्तावेज सत्यापन और संयंत्र स्थापना की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जा रही है.
1,155 परिवारों का बिजली बिल हुआ शून्य
योजना के तहत अब तक 3,205 हितग्राहियों को सरकारी सब्सिडी का लाभ मिल चुका है. वहीं 1,155 परिवार ऐसे हैं, जिनका बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है. ये परिवार अब अपनी जरूरत की बिजली सौर ऊर्जा से पूरी कर रहे हैं और कई उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली ग्रिड में भेजकर भी लाभ कमा रहे हैं.
ग्राम पंचायतों में लग रही ‘पीएम सूर्य सभा’
योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में नियमित रूप से ‘पीएम सूर्य सभा’ आयोजित की जा रही है. इन शिविरों में लोगों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, सब्सिडी और रूफटॉप सोलर लगाने की पूरी जानकारी दी जा रही है. साथ ही मौके पर ही आवेदन भी स्वीकार किए जा रहे हैं.
स्वच्छ ऊर्जा के साथ बिजली खर्च में राहत
प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य घरेलू बिजली खर्च कम करना, स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देना, कार्बन उत्सर्जन घटाना और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूत करना है. योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निर्धारित नियमों के अनुसार सरकारी सब्सिडी भी प्रदान की जा रही है.
राजनांदगांव बना सफल क्रियान्वयन का मॉडल
राजनांदगांव की उपलब्धियां दिखाती हैं कि प्रभावी जनजागरूकता, समयबद्ध क्रियान्वयन और हितग्राही-केंद्रित प्रयासों से यह योजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में तेजी से सफल हो रही है. इससे न केवल लोगों का बिजली बिल कम हो रहा है, बल्कि प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा को भी नई मजबूती मिल रही है.

