CG News: खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026: सरगुजा के अंबिकापुर में 144 रेसलर्स के बीच होगा मुकाबला
CG News: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले का अंबिकापुर शहर खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 की कुश्ती स्पर्धा की मेजबानी करने जा रहा है। 28 मार्च से शुरू होने वाले इस आयोजन में देशभर के जनजातीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

30 राज्यों के 144 रेसलर्स मैदान में
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर, मध्यप्रदेश, झारखंड, असम, कर्नाटक, गुजरात समेत करीब 30 राज्यों के 144 पुरुष और महिला रेसलर्स हिस्सा ले रहे हैं। यह आयोजन जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने का बड़ा अवसर है।
गांधी स्टेडियम में चार दिन तक रोमांच
अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम में 28 से 31 मार्च तक कुश्ती के मुकाबले आयोजित होंगे। प्रतियोगिता को प्रतिदिन तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
तीन चरणों में होंगे मुकाबले
हर दिन मुकाबले तीन चरणों में होंगे—सुबह 8 से 9 बजे, सुबह 11 से दोपहर 2 बजे और शाम 4 बजे से समापन तक। इससे पूरे दिन खेल का रोमांच बना रहेगा, इस भव्य आयोजन का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स और प्रसार भारती पर किया जाएगा, जिससे देश-विदेश के दर्शक भी इस खेल महाकुंभ का आनंद ले सकेंगे।
खिलाड़ियों के लिए शानदार व्यवस्थाएं
खेल विभाग ने खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, चिकित्सा और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की है। सरगुजा अपने मेहमानों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है, यह आयोजन स्थानीय युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करेगा और उन्हें भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर देगा।

