CG News: भारत ट्राइब फेस्ट 2026 में छत्तीसगढ़ का जलवा, कोण्डागांव का मांदरी नृत्य दल करेगा राष्ट्रीय प्रतिनिधित्व
CG News: कलेक्टर श्रीमती नुपूर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में कोण्डागांव जिले का लिंगो घोटुल मांदरी नृत्य दल अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रहा है, यह दल नई दिल्ली में आयोजित भारत ट्राइब फेस्ट-2026 में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा.

राज्य स्तरीय जीत से राष्ट्रीय पहचान तक
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर अंबिकापुर में आयोजित शहीद वीर नारायण सिंह स्मृति लोक कला महोत्सव में इस दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया था, इस उपलब्धि पर देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों कलाकारों को सम्मानित किया गया था.
प्रशासन की शुभकामनाएं और गर्व
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, यह पूरे कोण्डागांव जिले के लिए गर्व का क्षण है, उन्होंने विश्वास जताया कि, यह दल अपनी प्रस्तुति से बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति को देशभर में नई पहचान दिलाएगा और राज्य का नाम रोशन करेगा.
भारत ट्राइब फेस्ट 2026 की जानकारी
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कृपेन्द्र तिवारी के अनुसार, भारत ट्राइब फेस्ट का आयोजन 18 मार्च से 21 मार्च 2026 तक नई दिल्ली के सुंदर नर्सरी में किया जाएगा, इस आयोजन का संचालन उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र प्रयागराज द्वारा किया जा रहा है.
7 राज्यों की सांस्कृतिक झलक
इस भव्य आयोजन में छत्तीसगढ़ सहित 7 राज्यों के कलाकार अपनी-अपनी जनजातीय कला का प्रदर्शन करेंगे, छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कोण्डागांव जिले के ग्राम राहटीपारा, बालेंगा के मांदरी नृत्य दल द्वारा किया जाएगा, जो बस्तर की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा.




