CG News: छत्तीसगढ़ में 8741 करोड़ की लागत से बनेगी पांचवीं-छठवीं रेल लाइन, 278 KM का होगा नया रेल कॉरिडोर
CG News: छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए एक बड़ी परियोजना पर काम आगे बढ़ाया जा रहा है. परमलकसा से खरसिया के बीच पांचवीं और छठवीं रेल लाइन का निर्माण प्रस्तावित है. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 8741 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है. करीब 278 किलोमीटर लंबे इस रेल कॉरिडोर से प्रदेश के ऐसे कई क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने की योजना है, जहां फिलहाल रेल संपर्क उपलब्ध नहीं है.

छह जिलों को मिलेगा नई रेल लाइन का फायदा
प्रस्तावित रेल कॉरिडोर खरसिया से शुरू होकर शिवरीनारायण, बलौदाबाजार और नया रायपुर होते हुए परमलकसा तक पहुंचेगा. इससे रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग और राजनांदगांव सहित कई जिलों को फायदा मिलने की उम्मीद है. रेलवे के अनुसार परियोजना का सर्वे पूरा कर लिया गया है और इसकी रिपोर्ट जोनल मुख्यालय को सौंप दी गई है, परियोजना के तहत खरसिया से बिलासपुर, बिलासपुर से रायपुर और रायपुर से परमलकसा तक पांचवीं और छठवीं रेल लाइन बिछाई जाएगी. सर्वे रिपोर्ट में करीब 1800 हेक्टेयर निजी और सरकारी जमीन की आवश्यकता सामने आई है. इस रेल कॉरिडोर की लंबाई 278 किलोमीटर होगी, जबकि इसके निर्माण में कुल मिलाकर लगभग 615 किलोमीटर लंबी रेल पटरियां बिछाई जाएंगी.
21 स्टेशन और सैकड़ों पुलों का होगा निर्माण
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत कुल 21 रेलवे स्टेशन विकसित किए जाएंगे. इसके अलावा 48 बड़े पुल, 349 छोटे पुल, 14 फ्लाईओवर और 184 अंडरपास बनाने की योजना है. रेलवे का अनुमान है कि कॉरिडोर तैयार होने के बाद आठ से अधिक मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन संभव होगा. इससे यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलने के साथ माल परिवहन की क्षमता भी बढ़ेगी, रेलवे इस परियोजना में बायपास व्यवस्था को भी महत्व दे रहा है, ताकि शहरों के भीतर यात्री ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित न हो. इसके तहत मालगाड़ियों को शहरों के बाहर से गुजारा जाएगा, जबकि यात्री ट्रेनों को शहर के अंदर से परिचालित किया जा सकेगा. इस व्यवस्था से रेलवे ट्रैक पर दबाव कम होगा और यात्री ट्रेनों के समयबद्ध संचालन में सुधार आने की उम्मीद है.

परिवहन लागत में आएगी कमी
रेलवे के मुताबिक, नया रेल कॉरिडोर विकसित होने से हर साल करीब 22 करोड़ लीटर डीजल की बचत होने का अनुमान है. इससे लगभग 2500 करोड़ रुपये की आर्थिक बचत हो सकती है. परियोजना के निर्माण से करीब दो करोड़ मानव दिवस रोजगार सृजन की संभावना भी जताई गई है. इसके अलावा डोकरा कला और कोसा सिल्क उत्पादन वाले क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने में भी मदद मिलेगी.
यात्री और माल परिवहन दोनों को मिलेगी गति
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शेख समी उर रहमान के अनुसार, खरसिया से परमलकसा तक बनने वाला यह रेल कॉरिडोर छत्तीसगढ़ के नए क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. पांचवीं और छठवीं रेल लाइन के निर्माण से यात्री ट्रेनों के परिचालन के लिए अतिरिक्त क्षमता उपलब्ध होगी. साथ ही औद्योगिक गतिविधियों और माल परिवहन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है.

One Response