Jashpur News: जशपुर में नदी के बहाव से होगी खेतों की सिंचाई, बिना बिजली-डीजल चलेगी हाइड्रो पावर पंपिंग योजना
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सिंचाई के लिए एक नई तकनीक विकसित की गई है. पोंगरो गांव में घुघरी नदी पर एनीकट आधारित हाइड्रो पावर पंपिंग योजना तैयार की गई है. इस व्यवस्था की खासियत यह है कि इसमें पानी को खेतों तक पहुंचाने के लिए बिजली, डीजल, पेट्रोल या सौर ऊर्जा की जरूरत नहीं होगी. नदी के प्राकृतिक बहाव से टरबाइन चलेगी और इसी की मदद से किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाया जाएगा.

मुख्यमंत्री साय ने किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को पोंगरो गांव पहुंचकर इस महत्वाकांक्षी सिंचाई परियोजना का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से योजना की तकनीकी व्यवस्था, कार्यप्रणाली और किसानों को मिलने वाले लाभ की जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने कहा कि नदी के प्राकृतिक बहाव से टरबाइन संचालित होगी और इसकी मदद से पानी को ऊंचाई तक पहुंचाकर सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया जाएगा.

इस तरह काम करेगी हाइड्रो पावर पंपिंग तकनीक
इस परियोजना में पहले से निर्मित एनीकट से करीब 100 मीटर नीचे एक प्लेटफॉर्म बनाया गया है, जहां टरबाइन पंप स्थापित किया गया है. नदी के बहते पानी से टरबाइन घूमेगी और पंप की सहायता से पानी नदी तल से लगभग 12 मीटर ऊपर पहुंचाया जाएगा. इसके बाद करीब 200 मीटर दूर बनी वितरण टंकी में पानी जमा होगा, जिसकी क्षमता अधिकतम 17 लीटर प्रति सेकंड की दर से पानी प्राप्त करने की है.

नहरों के जरिए खेतों तक पहुंचेगा पानी
वितरण टंकी में जमा पानी को पक्की सिंचाई नहरों और नालियों के माध्यम से किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा. इस व्यवस्था से रबी के साथ गर्मी के मौसम में उगाई जाने वाली जायद फसलों की सिंचाई भी संभव होगी. खास बात यह है कि किसानों को पानी प्राप्त करने के लिए बिजली कनेक्शन, डीजल पंप या अन्य ऊर्जा संसाधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

135 किसान परिवारों को मिलेगा सीधा फायदा
पोंगरो की इस परियोजना से करीब 135 किसान परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है. योजना के तहत लगभग 100 एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया है, जिसमें करीब 80 एकड़ रबी फसल क्षेत्र शामिल है. गर्मी की जायद फसलों के लिए भी पानी उपलब्ध कराया जा सकेगा. इससे किसानों को एक से अधिक फसल लेने और खेती के लिए उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलेगी.
2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई परियोजना
पोंगरो एनीकट हाइड्रो पावर पंपिंग योजना को लगभग 2 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है. इस परियोजना को जिला खनिज न्यास निधि, मनरेगा और जल संसाधन संभाग जशपुर के तकनीकी सहयोग से पूरा किया गया है. योजना के तकनीकी मार्गदर्शन में भारतीय विज्ञान संस्थान यानी IISc बेंगलुरु के डॉ. पुनीत सिंह की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस पहल को प्राकृतिक संसाधनों के बेहतर उपयोग का उदाहरण बताया. उन्होंने कहा कि ऐसी तकनीक से सिंचाई के लिए बिजली और डीजल पर निर्भरता कम होगी, साथ ही पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना खेती को बढ़ावा मिलेगा. शून्य कार्बन उत्सर्जन की अवधारणा पर आधारित यह परियोजना भविष्य में छत्तीसगढ़ के दूसरे क्षेत्रों के लिए भी उपयोगी मॉडल बन सकती है.


One Response