CG News: केनाल लिंकिंग रोड पर बनेगा 1.04 KM लंबा ओवरब्रिज, 49.52 करोड़ रुपये होंगे खर्च
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में केनाल लिंकिंग रोड पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. शासन ने अमलीडीह चौक से द्रोणाचार्य स्कूल तक ओवरब्रिज बनाने की मंजूरी दे दी है. इस परियोजना के पूरा होने के बाद मुख्य सड़क पर यातायात का दबाव कम होगा और आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी.

49.52 करोड़ की लागत से बनेगा टू-लेन ब्रिज
इस ओवरब्रिज के निर्माण पर करीब 49.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. ब्रिज की लंबाई 1.04 किलोमीटर और चौड़ाई 8.50 मीटर होगी. इसे टू-लेन बनाया जाएगा. योजना के तहत मुख्य सड़क का ट्रैफिक ओवरब्रिज से होकर गुजरेगा, जबकि नीचे की सड़क पर स्थानीय वाहन आसानी से आवाजाही कर सकेंगे.
6 वार्डों के एक लाख से ज्यादा लोगों को फायदा
इस परियोजना से अमलीडीह, न्यू राजेंद्र नगर समेत आसपास के 6 वार्डों के एक लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. ओवरब्रिज बनने से मुख्य मार्ग और कॉलोनियों से निकलने वाले वाहनों के बीच टकराव कम होगा. इससे लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिल सकती है.

स्कूल बसों और वाहनों से बढ़ जाता है ट्रैफिक का दबाव
फिलहाल केनाल लिंकिंग रोड पर शहर की मुख्य सड़क से गुजरने वाले वाहन और कॉलोनियों से निकलने वाला स्थानीय ट्रैफिक एक ही मार्ग पर आ जाता है. इसके अलावा द्रोणाचार्य स्कूल के कारण सुबह और शाम के समय स्कूल बसों तथा बच्चों को छोड़ने और लेने आने वाले अभिभावकों की गाड़ियों से यातायात का दबाव बढ़ जाता है. इसी वजह से अमलीडीह चौक के आसपास जाम की स्थिति बनती है.
सिग्नल पर रुकने की परेशानी होगी कम
अधिकारियों के मुताबिक, ओवरब्रिज बनने के बाद मुख्य सड़क का ट्रैफिक ऊपर से गुजर सकेगा. इससे अमलीडीह चौक पर वाहनों का दबाव कम होगा और लोगों को बार-बार सिग्नल पर रुकने की जरूरत भी कम पड़ेगी. वहीं, नीचे की सड़क पर कॉलोनियों का स्थानीय यातायात सुचारु रूप से चल सकेगा, केनाल लिंकिंग रोड से जुड़ी पॉश कॉलोनियों के रहवासी पिछले कई वर्षों से यहां ओवरब्रिज बनाने की मांग कर रहे थे. तकनीकी कारणों से यह परियोजना लंबे समय तक अटकी रही. आखिरकार अक्टूबर 2026 में इसे अंतिम मंजूरी मिल गई. अधिकारियों के अनुसार, अगले दो महीनों में निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.


One Response