CG News: राज्योत्सव 2026 के राज्य अलंकरण पुरस्कारों की सूची जारी, तीजन बाई और चेन्दरू के नाम पर नए सम्मान
CG News: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्योत्सव 2026 के अवसर पर दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कारों की सूची जारी कर दी है. इस बार पुरस्कार समारोह में तीन नए सम्मान शामिल किए गए हैं. इनमें पंडवानी गायिका तीजन बाई के नाम पर सम्मान, संत रविदास सम्मान और बस्तर के प्रसिद्ध टाइगर बॉय चेन्दरू के नाम पर राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार शामिल हैं. संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कुल 36 नामों की घोषणा की है. सभी चयनित लोगों और संस्थाओं को 3 नवंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा. समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पुरस्कार प्रदान करेंगे.

पहली बार शुरू किए जा रहे हैं तीन नए सम्मान
इस वर्ष राज्य अलंकरण समारोह में तीन नए पुरस्कार पहली बार दिए जाएंगे. इनमें पंडवानी कला के क्षेत्र में योगदान के लिए डॉ. तीजन बाई सम्मान, सामाजिक समरसता के लिए संत रविदास सम्मान और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार शामिल हैं.
डॉ. तीजन बाई सम्मान चेतन लाल देवांगन को
पंडवानी कला के क्षेत्र में दिए जाने वाला डॉ. तीजन बाई सम्मान दुर्ग जिले के पाटन निवासी चेतन लाल देवांगन को प्रदान किया जाएगा. यह सम्मान छत्तीसगढ़ की विश्व प्रसिद्ध पंडवानी कला को आगे बढ़ाने और उसके संरक्षण में योगदान देने वालों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है, बस्तर के प्रसिद्ध टाइगर बॉय चेन्दरू की स्मृति में शुरू किया गया पहला राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार कबीरधाम के सत्येन्द्र कुमार उपाध्याय को दिया जाएगा. उन्होंने ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और भोरमदेव क्षेत्र को पर्यटन के रूप में पहचान दिलाने के लिए काम किया है.

संत रविदास सम्मान जगदीश प्रसाद देशमुख को
सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए शुरू किया गया संत रविदास सम्मान बलौद जिले के जगदीश प्रसाद देशमुख को प्रदान किया जाएगा. यह पुरस्कार भी इस वर्ष पहली बार राज्य अलंकरण समारोह में दिया जाएगा, शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के दुमन लाल ध्रुव को आदिवासी समाज के उत्थान के लिए किए गए कार्यों के लिए दिया जाएगा. गुरु घासीदास सम्मान कबीरधाम के सुखदेव भास्कर को सतनामी समाज में सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में योगदान के लिए मिलेगा.
महिला सशक्तिकरण और अहिंसा के क्षेत्र में चयन
मिनीमाता सम्मान महिला सशक्तिकरण के लिए गरियाबंद की लोक आस्था सेवा संस्थान को दिया जाएगा. वहीं, अहिंसा और गौ-सेवा के क्षेत्र में यति यतनलाल सम्मान दुर्ग स्थित विश्व गीता धेनू गोविन्द पक्षी सेवा धाम संस्था को मिलेगा. यह संस्था घायल गोवंश और पक्षियों की सेवा के लिए काम करती है, गुण्डाधूर सम्मान साहसिक खेल के क्षेत्र में कोरबा की संजू देवी को दिया जाएगा. हबीब तनवीर सम्मान रंगमंच के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. पुरुषोत्तम चंद्राकर को मिलेगा. महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान तीरंदाजी के लिए बालोद के टोमन कुमार को प्रदान किया जाएगा. वहीं, दाऊ मंदराजी सम्मान लोक कला के क्षेत्र में रायपुर की रेखा जलक्षत्री को दिया जाएगा.
इन अन्य पुरस्कारों से भी होंगे सम्मानित
राज्य अलंकरण समारोह में इसके अलावा पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान, चक्रधर सम्मान, महाराजा अग्रसेन सम्मान, धन्वंतरि सम्मान, बिलासा देवी केंवट सम्मान, राजश्री महत वैष्णवदास सम्मान, डॉ. भंवरसिंह पोर्ते सम्मान और पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे, अन्य पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान, देवदास बंजारे सम्मान, खुमान साव सम्मान, जगदपुरी सम्मान, किशोर साहू सम्मान, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान, माता बहादुर कलारिन सम्मान और पंडित माधव राव सप्रे सम्मान शामिल हैं. इन सभी पुरस्कारों का वितरण 3 नवंबर को रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में किया जाएगा.


One Response