CG News: बिलासपुर में BJP की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शुरू, 10 हजार लोगों के जुटने का दावा
CG News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शनिवार को भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा शुरू हुई. गांधी चौक स्थित गवर्नमेंट स्कूल से निकली इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, डिप्टी सीएम अरुण साव और स्थानीय विधायक शामिल हुए. इसके अलावा जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से भाजपा नेता और कार्यकर्ता भी पदयात्रा में पहुंचे. पार्टी ने कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने का दावा किया है.
कांग्रेस के आरोपों के जवाब में भाजपा का आयोजन
देश में वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है. कांग्रेस का आरोप है कि चुनावी प्रक्रिया में अनियमितताओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है. वहीं, भाजपा ने ‘लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा’ के जरिए अपना पक्ष जनता के सामने रखने की रणनीति बनाई है. इस आयोजन को दोनों दलों के बीच जारी राजनीतिक बहस के एक नए चरण के रूप में देखा जा रहा है.
6 विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता होंगे शामिल
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर के मुताबिक, पदयात्रा में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह और सुशांत शुक्ला सहित जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे. मोर्चा-प्रकोष्ठ के सदस्यों के साथ आम नागरिकों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ने की तैयारी की गई है. क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी और पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडेय भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.
इन प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी पदयात्रा
पदयात्रा दोपहर 2 बजे गांधी चौक स्थित गवर्नमेंट स्कूल से शुरू होकर जूना बिलासपुर, हटरी चौक, सिटी कोतवाली चौक, सदर बाजार, गोल बाजार, करोना चौक, सिम्स चौराहा और पंडित देवकीनंदन चौक से होते हुए नेहरू चौक पहुंचेगी. यहां यात्रा का समापन सभा के रूप में होगा. सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित करेंगे.
SIR को लेकर लोगों को जानकारी देगी भाजपा
इस पदयात्रा के जरिए भाजपा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर भी लोगों के बीच अपनी बात रखेगी. पार्टी का कहना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है, जबकि अपात्र नामों को निर्धारित नियमों के अनुसार हटाया जाना चाहिए. कार्यकर्ताओं को SIR की प्रक्रिया और उसके उद्देश्य की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई है, पदयात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा नेताओं ने पहले से बैठकें की थीं. कार्यक्रम के संचालन, जनसंपर्क और व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई थी. पार्टी ने इस आयोजन में 10 हजार से ज्यादा लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा था. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार खटीक सहित वरिष्ठ नेता सभा को संबोधित करेंगे और SIR को लेकर भाजपा का पक्ष रखेंगे.

One Response