CG News: भारत पर्व में दिखी छत्तीसगढ़ की शिल्पकला और संस्कृति, PM मोदी ने बस्तर के कलाकारों से की चर्चा
CG News: राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में आयोजित भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और पर्यटन को खास जगह मिली है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत पर्व का शुभारंभ करने के बाद छत्तीसगढ़ के स्टॉल का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने नारायणपुर और बस्तर से आए शिल्पकारों से बातचीत की और उनके हुनर की सराहना की.

बस्तर के शिल्पकारों से प्रधानमंत्री ने की बातचीत
छत्तीसगढ़ के स्टॉल पर प्रधानमंत्री मोदी ने बांस शिल्प और अन्य पारंपरिक कलाकृतियां तैयार कर रहे कलाकारों से मुलाकात की. उन्होंने शिल्प निर्माण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली और कलाकारों के काम में रुचि दिखाई. इस अवसर पर कलाकारों ने बस्तरिया रेला की सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया.

15 दिनों तक चलेगा भारत पर्व
पर्यटन मंडल की डॉ. सुभदा चतुर्वेदी के मुताबिक, भारत पर्व का आयोजन 15 दिनों तक किया जाएगा. इस दौरान छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की ओर से लगाए गए स्टॉल में प्रदेश की पारंपरिक हस्तशिल्प कला और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्रदर्शित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य देशभर से आने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराना है, स्टॉल में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक डोकरा शिल्प, लौह शिल्प, कोसा साड़ियों और बांस से बनी कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है. इन उत्पादों के जरिए प्रदेश के स्थानीय कलाकारों की रचनात्मकता और पारंपरिक शिल्पकला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है.
चित्रकोट और चंपारण जैसे पर्यटन स्थलों की जानकारी
हस्तशिल्प के साथ छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी स्टॉल में जगह दी गई है. यहां चंपारण, चित्रकोट सहित विभिन्न पर्यटन स्थलों और रिसॉर्ट की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. आगंतुकों को प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है, भारत पर्व में छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति के प्रदर्शन से स्थानीय शिल्पकारों को अपने उत्पाद देशभर के लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है. राष्ट्रीय मंच पर पारंपरिक हस्तशिल्प को प्रदर्शित किए जाने से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

One Response