CG News: छत्तीसगढ़ में 25-26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी का दौरा, BJP संगठन से लेकर सांसद-विधायकों तक के साथ करेंगी बैठक
CG News: भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय मंत्री व प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे. इस दौरान दोनों नेता प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और पार्टी के वर्तमान व पूर्व पदाधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. दौरे के दौरान प्रदेश संगठन, जिला इकाइयों, भाजपा कोर ग्रुप, सांसदों, विधायकों और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं.

पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों और कोर ग्रुप के साथ बैठक
स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू 25 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक दोनों नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगे. इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक होगी. दोपहर में प्रदेश पदाधिकारियों के साथ समीक्षा और रणनीति से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी.
जिला अध्यक्षों और पूर्व जनप्रतिनिधियों से भी होगा संवाद
पहले दिन के कार्यक्रम में संभाग प्रभारियों, सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक भी शामिल है. इसके बाद पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ चर्चा की जाएगी. शाम को पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों से संवाद का कार्यक्रम रखा गया है. दिन के अंत में शाम 7 बजे से रात 8:30 बजे तक भाजपा कोर ग्रुप की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें संगठन से जुड़े प्रमुख विषयों पर चर्चा होगी.

दूसरे दिन सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ मंथन
26 अक्टूबर को दौरे के दूसरे दिन सुबह 10 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा. इस दौरान प्रदेश के भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक विषयों पर बैठक की जाएगी. इसके बाद राज्य के सांसदों के साथ चर्चा होगी. दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ बैठक प्रस्तावित है. इन बैठकों में संगठन और जनप्रतिनिधियों से जुड़े विषयों की समीक्षा की जाएगी.
निगम-मंडल के अध्यक्षों और विचार परिवार के प्रतिनिधियों से बैठक
दूसरे दिन आगे विभिन्न निगमों, मंडलों, आयोगों और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक रखी गई है. इसके बाद दौरे के अंतिम चरण में शाम 4:30 बजे से 5:30 बजे तक विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ संवाद होगा. इस तरह दो दिवसीय प्रवास के दौरान प्रदेश संगठन से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारियों और विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें निर्धारित की गई हैं, स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के छत्तीसगढ़ प्रवास में पार्टी के अलग-अलग स्तरों के नेताओं से सीधे संवाद का कार्यक्रम तय किया गया है. प्रदेश पदाधिकारियों, भाजपा कोर ग्रुप, जिला अध्यक्षों, पूर्व जनप्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और निगम-मंडल के प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठकों के जरिए संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी.

One Response