CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज बस्तर दौरा, मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन के बाद ऐतिहासिक मुरिया दरबार में होंगी शामिल
CG News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ के बस्तर दौरे पर रहेंगी. वे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व में शामिल होने के लिए जगदलपुर पहुंचेंगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति सुबह 11:15 बजे जगदलपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां राज्य सरकार और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उनका स्वागत करेंगे. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी बस्तर में मौजूद रहेंगे और राष्ट्रपति के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे.
![]()
मां दंतेश्वरी मंदिर में करेंगी पूजा-अर्चना
जगदलपुर पहुंचने के बाद राष्ट्रपति दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगी. वे प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि की कामना करेंगी. बस्तर दशहरा की परंपराओं में मां दंतेश्वरी की पूजा का विशेष महत्व है. इसी वजह से राष्ट्रपति का मंदिर दर्शन कार्यक्रम भी खास माना जा रहा है. इसके बाद वे जगदलपुर के सिरहासार भवन में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक मुरिया दरबार में शामिल होंगी.
जनजातीय प्रतिनिधियों के साथ होगा मुरिया दरबार
मुरिया दरबार सुबह 11:37 बजे से दोपहर 12:35 बजे तक आयोजित होगा. बस्तर दशहरा की प्रमुख परंपराओं में शामिल इस दरबार में बस्तर संभाग के मांझी, मुखिया और जनजातीय प्रतिनिधि एकत्र होते हैं. यहां वे अपनी समस्याओं, परंपराओं और क्षेत्र से जुड़े विषयों को सामने रखते हैं. पिछले साल केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस आयोजन में शामिल हुए थे. इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी से कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया है.
मुख्यमंत्री साय भी रहेंगे मौजूद
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी राष्ट्रपति के बस्तर दौरे के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सीएम सुबह 8:40 बजे रायपुर एयरपोर्ट से जगदलपुर के लिए रवाना होंगे. सुबह 10:50 बजे मां दंतेश्वरी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद मुरिया दरबार और दोपहर 12:10 बजे लालबाग मैदान में आयोजित बस्तर दशहरा कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3 बजे जगदलपुर से रायपुर के लिए रवाना होंगे और शाम 4:15 बजे रायपुर पहुंचेंगे.
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
राष्ट्रपति के बस्तर दौरे को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. अधिकारियों की निगरानी में कार्यक्रम स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. राष्ट्रपति के दौरे के दौरान बस्तर दशहरा की पारंपरिक रस्मों और जनजातीय संस्कृति से जुड़े आयोजनों पर विशेष ध्यान रहेगा.

One Response