CG News: स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर को पहुंचेंगी रायपुर, स्वागत में 5 हजार कार्यकर्ताओं की भीड़ और बाइक रैली की तैयारी
CG News: छत्तीसगढ़ भाजपा की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर 25 अक्टूबर की सुबह रायपुर पहुंचने वाली हैं. उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी आएंगे. दोनों नेताओं के स्वागत के लिए प्रदेश भाजपा संगठन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं. पार्टी ने रायपुर शहर और ग्रामीण संगठन को स्वागत कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी है. माना विमानतल पर पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है.

स्वागत में निकलेगी एक हजार कार्यकर्ताओं की बाइक रैली
भाजपा की योजना के मुताबिक, स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए करीब एक हजार कार्यकर्ता बाइक रैली निकालेंगे. यह रैली माना विमानतल से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक उनके वाहन के आगे चलेगी. रास्ते में भी विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारी की जा रही है. पार्टी के अलग-अलग मंडलों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है.
स्वागत में होर्डिंग लगाने पर रहेगी रोक
छत्तीसगढ़ भाजपा को करीब आठ महीने बाद नया प्रदेश प्रभारी मिला है. इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. स्मृति ईरानी ने रायपुर आने से पहले ही उनके स्वागत में होर्डिंग नहीं लगाने के निर्देश दिए हैं. इसके बाद संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी बैठक में स्पष्ट किया कि शहर में स्वागत के लिए कोई होर्डिंग नहीं लगाई जाएगी. हालांकि, माना विमानतल से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक और शहर के अन्य हिस्सों में भाजपा के झंडे लगाए जाएंगे.
![]()
20 मंडलों को सौंपी गई कार्यकर्ताओं को जुटाने की जिम्मेदारी
स्वागत कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रायपुर के 20 मंडलों के अध्यक्षों को जिम्मेदारी दी गई है. उन्हें माना विमानतल पर पांच हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है. इसके अलावा रायपुर नगर निगम और बीरगांव नगर निगम के पार्षद भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचेंगे. रायपुर जिले की आठ विधानसभा क्षेत्रों से भाजपा विधायकों के समर्थकों के शामिल होने की भी तैयारी है.
मंत्री, विधायक और संगठन के पदाधिकारी भी होंगे शामिल
स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के स्वागत कार्यक्रम में प्रदेश के मंत्री, विधायक, सांसद, भाजपा प्रदेश पदाधिकारी और जिला स्तर के नेता शामिल हो सकते हैं. पार्टी के विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों को भी कार्यक्रम में भाग लेने की जिम्मेदारी दी गई है. नए प्रदेश प्रभारी के इस दौरे को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. उनके दो दिवसीय प्रवास के दौरान होने वाली बैठकों और कार्यक्रमों पर भी राजनीतिक नजर रहेगी.

One Response