CG News: लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने राजनांदगांव और डोंगरगांव में किया सड़कों व पुलों का औचक निरीक्षण
CG News: लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज राजनांदगांव और डोंगरगांव क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न सड़कों, पुलों, निर्माणाधीन कॉलेज भवन और पुराने विश्राम गृहों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने कई स्थानों पर सड़क निर्माण और मरम्मत की गुणवत्ता में कमियां मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे सिर्फ अपने दफ्तरों तक सीमित न रहें, बल्कि नियमित रूप से निर्माण स्थलों पर पहुंचकर कार्यों की गुणवत्ता की खुद जांच करें.

पुल निर्माण और सड़क की तकनीकी जांच के निर्देश
ग्राम पैरी नाला में बनाए जा रहे नए पुल की नींव, पिलर और अन्य संरचनात्मक कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने जल निकासी और सभी तकनीकी मापदंडों का विशेष ध्यान रखने को कहा. इसके अलावा, ग्राम सुखरी से दीवानभेड़ी तक बन रही सड़क की खुदाई और बेस निर्माण की गुणवत्ता परखने के साथ ही वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि ठेकेदार तय कार्ययोजना के मुताबिक ही काम करें और किसी भी तकनीकी कमी को तुरंत दूर किया जाए.
जर्जर संरचनाओं को हटाने और सौंदर्यीकरण के आदेश
क्षेत्र के पुराने और जर्जर विश्राम गृहों का मुआयना करते हुए सचिव ने अनुपयोगी संरचनाओं को तुरंत हटाने, परिसर को समतल करने और साफ-सुथरा बनाने के निर्देश दिए. उन्होंने इन सभी सुधार कार्यों को अगले 15 से 20 दिनों के भीतर पूरा करने को कहा है. साथ ही सड़कों पर रोड मार्किंग, सेंटर लाइन बनवाने और डिवाइडरों की साफ-सफाई के साथ उन पर रंग-रोगन कराने के भी निर्देश दिए गए हैं.
डोंगरगांव में निर्माणाधीन शासकीय महाविद्यालय का निरीक्षण
अपने दौरे के क्रम में विभागीय सचिव ने डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम अर्जुनी में बनाए जा रहे नवीन शासकीय महाविद्यालय भवन का भी बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने कॉलेज के पास मौजूद लगभग 10 एकड़ भूमि का तुरंत विधिवत सीमांकन कराने और चारों तरफ पिलर खड़े करने के निर्देश दिए, ताकि सरकारी जमीन को किसी भी तरह के अवैध अतिक्रमण से सुरक्षित बचाया जा सके.
कॉलेज भवन में रैम्प और सुगम आवागमन के निर्देश
निर्माणाधीन दो मंजिला कॉलेज भवन में चल रहे प्लास्टर, फ्लोरिंग और अन्य कार्यों की गुणवत्ता देखने के बाद उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वार और सड़क के स्तर को लेकर आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि मुख्य दरवाजे और सड़क के बीच के अंतर को ध्यान में रखकर ऐसा रास्ता बनाया जाए जिससे छात्र-छात्राओं को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो. इसके साथ ही दिव्यांग विद्यार्थियों की सुविधा के लिए रैम्प निर्माण और वर्षा जल निकासी के लिए उचित पाइप व्यवस्था करने को भी कहा गया है.

One Response