CG News: रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेला जाएगा भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज़, ₹250 से शुरू होंगी टिकटें
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है, नया रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन अंतरराष्ट्रीय T-20 मुकाबले खेले जाएंगे, ये मैच 16, 18 और 20 अक्टूबर को शाम 7 बजे से आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश के दर्शकों को स्टेडियम में रोमांचक मुकाबले देखने का शानदार मौका मिलेगा.

महज ₹250 से शुरू होंगी टिकटें
क्रिकेट प्रेमियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकटों की दरें काफी किफायती रखी गई हैं, लोअर स्टैंड के चयनित सेक्शनों के लिए टिकट की शुरुआती कीमत महज ₹250 तय की गई है, इसके अलावा दर्शकों के लिए ₹499 में तीनों मैचों की सीरीज टिकट और ₹350 में दो मैचों का कॉम्बो पैक भी उपलब्ध कराया गया है, वहीं प्रीमियम कैटेगिरी में प्लैटिनम, गोल्ड व कॉर्पोरेट बॉक्स के विकल्प भी शामिल हैं.
12 अक्टूबर से शुरू होगी ऑनलाइन बिक्री
मैचों के लिए ऑनलाइन टिकट बिक्री 12 अक्टूबर की शाम 4 बजे से शुरू कर दी जाएगी, एक व्यक्ति अपनी एक आईडी के माध्यम से अधिकतम छह टिकट खरीद सकेगा, इस बार दर्शकों को किसी भी तरह के फिजिकल टिकट लेने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि मोबाइल पर प्राप्त डिजिटल टिकट के क्यूआर (QR) कोड को स्कैन करके सीधे स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा, जिससे एंट्री प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी.
एनजीटी ग्राउंड वाटर विवाद में मिली क्लीयरेंस
आयोजन से पहले ग्राउंड वाटर के उपयोग को लेकर एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) में लंबित प्रकरण के कारण मैच पर रोक की आशंका बनी हुई थी, लेकिन अब न्यायालय से मैच आयोजित कराने के लिए पूरी क्लीयरेंस मिल चुकी है, आयोजकों द्वारा स्टेडियम में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) स्थापित कर दिया गया है और पानी की खपत पर सटीक निगरानी के लिए फ्लो मीटर भी लगा दिए गए हैं.
11 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी टीम इंडिया
सीरीज़ की तैयारियों के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम 11 अक्टूबर को ही रायपुर पहुंच जाएगी और 12 अक्टूबर की शाम से स्टेडियम में अपना पहला अभ्यास सत्र शुरू करेगी, वहीं जिम्बाब्वे की टीम 12 अक्टूबर को रायपुर पहुंचेगी और 13 अक्टूबर से मैदान में पसीना बहाएगी, अंतरराष्ट्रीय स्तर के इन मुकाबलों को लेकर रायपुर में क्रिकेट प्रशंसकों के बीच भारी उत्साह देखा जा रहा है.

One Response