CG News: राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ का कमाल, कोरिया जिले की प्रतिमा सूर्यवंशी बनीं स्वरोजगार की मिसाल
CG News: छत्तीसगढ़ में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संचालित ‘राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान)’ लाखों महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है. कोरिया जिले के सोनहत जनपद पंचायत अंतर्गत दूरस्थ गांव धनपुर की रहने वाली प्रतिमा सूर्यवंशी इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं, जो अब एक सफल व्यवसायी बनकर उभर चुकी हैं.

खेत-खलिहान से निकलकर बनाई खुद की पहचान
एक साधारण किसान परिवार की गृहिणी प्रतिमा सूर्यवंशी का जीवन पहले केवल घर के चूल्हे-चौके और खेत-खलिहान तक ही सीमित था. परिवार के पास आय के सीमित साधन होने के कारण अक्सर आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता था. लेकिन बिहान योजना की जानकारी मिलते ही उनके मन में खुद का कोई व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनने की इच्छा जागी.
स्व सहायता समूह और ₹2 लाख का बैंक लोन
बिहान की मैदानी टीम के मार्गदर्शन में गांव की महिलाओं ने एकजुट होकर ‘चांद स्व-सहायता समूह’ का गठन किया. बिहान के तहत समूह को पहले रिवॉल्विंग फंड (RF) और कम्युनिटी इन्वेस्टमेंट फंड (CIF) की वित्तीय सहायता मिली. इसके बाद प्रतिमा ने समूह के माध्यम से 2 लाख रुपये का बैंक ऋण प्राप्त कर अपने व्यवसाय का आधार तैयार किया.
गांव में शुरू की किराने की दुकान
धनपुर गांव के जिला व जनपद मुख्यालय से दूर होने के कारण ग्रामीणों को दैनिक सामानों के लिए परेशानी होती थी. प्रतिमा ने इसी जरूरत को समझा और अपने घर से ही किराना दुकान की शुरुआत की. उन्होंने दैनिक उपयोग की सभी सामग्रियां रखीं, जिससे जल्द ही उनकी दुकान पूरे गांव में प्रसिद्ध हो गई और इससे हर महीने अच्छी आय सुनिश्चित होने लगी.
‘लखपति दीदी’ बनकर बनीं अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा
किराना व्यवसाय से हो रही बेहतर कमाई से प्रतिमा न केवल अपने परिवार का मजबूत आर्थिक सहारा बनी हैं, बल्कि ‘लखपति दीदी’ के रूप में स्थापित हो चुकी हैं. उनकी यह सफलता और आत्मनिर्भरता की कहानी धनपुर और आसपास के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों की अन्य घरेलू महिलाओं के लिए प्रेरणा का नया स्रोत बन गई है.

One Response