CG News: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, रायपुर से रावघाट और कुरुद के बीच ट्रेन चलाने की प्रक्रिया तेज
CG News: छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों के लिए जल्द ही एक बड़ी और राहत भरी सुविधा शुरू हो सकती है. रायपुर से रावघाट और रायपुर से कुरुद के बीच नई यात्री ट्रेन सेवाएं शुरू करने की दिशा में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने अपनी प्रक्रिया काफी तेज कर दी है.

रेलवे बोर्ड को भेजा गया अंतिम प्रस्ताव
दोनों ही महत्वपूर्ण रूटों पर नियमित यात्री ट्रेनें चलाने का विस्तृत प्रस्ताव रायपुर रेलवे मंडल की ओर से रेलवे बोर्ड (नई दिल्ली) को भेज दिया गया है. अब रेलवे प्रशासन को केवल रेलवे बोर्ड की तरफ से औपचारिक मंजूरी का इंतजार है, जिसके बाद समय-सारणी जारी की जाएगी.
![]()
कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी की मंजूरी मिल चुकी
उल्लेखनीय है कि दोनों रेल रूटों पर यात्री ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए सबसे जरूरी माने जाने वाले कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (CRS) का निरीक्षण पूरा हो चुका है और हरी झंडी भी मिल चुकी है. इसके साथ ही रावघाट और कुरुद स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं व संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के दौरे पर सौगात की संभावना
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 9 अक्टूबर को रायपुर प्रवास पर आ रहे हैं, जहां वे RPF के राइजिंग डे (Rising Day) कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. माना जा रहा है कि यदि इस दौरान रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल जाती है, तो रेल मंत्री खुद इन नई ट्रेन सेवाओं का शुभारंभ या हरी झंडी दिखा सकते हैं.
दक्षिण छत्तीसगढ़ के कनेक्टिविटी में आएगा बड़ा सुधार
इन दोनों नए रेल रूटों पर ट्रेन सेवा शुरू होने से रायपुर का सीधा संपर्क धमतरी-कुरुद और बस्तर-रावघाट क्षेत्र से बेहतर हो जाएगा. इससे दैनिक यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और ग्रामीणों को सुरक्षित, सुगम और किफायती परिवहन का सीधा लाभ मिलेगा.


One Response