CG News: प्रदेश में भारी बारिश और बाढ़ के खतरे को लेकर मुख्यमंत्री साय सख्त, कलेक्टरों को दिए तुरंत राहत पहुंचाने के निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में हो रही लगातार भारी बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रशासनिक अमले को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं, मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी जिला कलेक्टरों को स्थिति पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपात परिस्थिति में आम जनता को तत्काल राहत एवं सहायता सामग्री उपलब्ध कराने के सख्त आदेश जारी किए हैं.
![]()
तुरंत उठाए जाएं आवश्यक कदम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शासन-प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि भारी बारिश के कारण उत्पन्न होने वाली किसी भी विषम परिस्थिति से निपटा जा सके, उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जहां भी जलभराव या अन्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं, वहां बिना किसी देरी के आवश्यक कदम उठाए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.
![]()
उफनते नदी-नालों और जलप्रपातों से दूर रहने की अपील
प्रदेशवासियों से सुरक्षा बरतने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता दें, उन्होंने नागरिकों से उफनती नदियों, नालों, जलप्रपातों और जलमग्न पुल-पुलियों के पास न जाने का आग्रह किया है, क्योंकि पानी का तेज बहाव अचानक बढ़ सकता है, उन्होंने प्रशासन द्वारा लगाए गए सुरक्षा बैरियरों और दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने को कहा है.
बिजली के तारों से दूर रहने और अनावश्यक यात्रा टालने की सलाह
मुख्यमंत्री ने नागरिकों को भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, विशेष रूप से रात के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है, उन्होंने गिरे हुए बिजली के तारों से दूर रहने और ऐसी किसी भी स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित विभाग, पुलिस या स्थानीय प्रशासन को देने का निर्देश दिया है, साथ ही अभिभावकों को बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा भूस्खलन संभावित पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने को कहा गया है.
आपात स्थिति में 112 पर करें संपर्क
किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को डायल 112 या स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने के लिए कहा गया है, मुख्यमंत्री ने लोगों से केवल शासन-प्रशासन द्वारा जारी अधिकृत सूचनाओं पर ही भरोसा करने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों या भ्रामक संदेशों से बचने की अपील की है, उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में सतर्कता, संयम और आपसी सहयोग ही सबसे महत्वपूर्ण है.


One Response