CG News: बालोद भीषण सड़क हादसे और यमुना एक्सप्रेस-वे बस दुर्घटना पर मुख्यमंत्री साय ने जताया गहरा दुख, घायलों के बेहतर इलाज के दिए निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है, मुख्यमंत्री ने इस हादसे को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए कहा कि इस दुखद घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं, उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है.

घायलों के समुचित इलाज हेतु निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बालोद सड़क दुर्घटना में घायल हुए लोगों के समुचित और त्वरित इलाज के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं, उन्होंने आश्वस्त किया कि दुख की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी.
यमुना एक्सप्रेस-वे बस हादसे पर भी प्रकट की गहरी संवेदना
इसके साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में आग लग जाने से हुई जनहानि पर भी गहरा शोक जताया है, मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दर्दनाक दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है, उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और परिजनों को यह अपार दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है.
दोनों हादसों में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना
मुख्यमंत्री साय ने यमुना एक्सप्रेस-वे बस हादसे तथा बालोद सड़क दुर्घटना में झुलसे व घायल हुए सभी नागरिकों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है, उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों स्थानों पर स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल द्वारा घायलों को त्वरित व उच्च स्तरीय चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
राज्य सरकार पीड़ित परिवारों की मदद के लिए तत्पर
सड़क हादसों में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि असमय अपनों को खोने का दर्द अत्यंत दुखदायी होता है, उन्होंने दोनों हादसों के पीड़ित परिवारों के प्रति छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से संवेदनाएं व्यक्त कीं और अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं.


One Response